झारखंड में आकाशीय बिजली गिरने से 3 लोगों की मौत, 2 गंभीर रूप से घायल

4/24/2023 11:47:41 AM

रांची: झारखंड में आकाशीय बिजली गिरने से कम से कम 3 लोगों की मौत हो गई और 2 अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। मामले में पुलिस ने बताया कि राजधानी से लगभग 25 किलोमीटर दूर इटकी ब्लॉक में वॉलीबॉल मैच के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से 2 लोगों की मौत हो गई और 2 अन्य गंभीर रूप से झुलस गए।

पेड़ पर गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 2 की मौत
अधिकारियों ने कहा कि शहर से लगभग 70 किलोमीटर दूर सोनाहातू ब्लॉक में एक अन्य व्यक्ति की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। रांची के पुलिस अधीक्षक नौशाद आलम ने बताया कि इटकी में विधानी गांव में एक वॉलीबॉल मैच हो रहा था कि तभी अचानक तेज वर्षा होने लगी। उन्होंने कहा कि इसके चलते अधिकतर लोग पास के एक स्कूल के भीतर चले गए, लेकिन उनमें से 4 लोग पास में ही एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए। उन्होंने कहा कि अचानक पेड़ पर गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में आकर उनमें से 2 की घटनास्थल पर ही मौत हो गई तथा 2 अन्य गंभीर रूप से झुलस गए।

झारखंडवासियों को 26 अप्रैल तक गर्मी से मिलेगी राहत
उन्होंने बताया कि इस घटना में मरने वालों की पहचान 20 वर्षीय अनूप कुजूर और 19 वर्षीय सुशील मुंडा के रूप में हुई है तथा दुर्गा उरांव और दिवा उरांव बुरी तरह झुलस गए। अधिकारियों ने कहा कि एक अन्य घटना में सोनाहातू प्रखंड में बिजली गिरने से शनिवार दोपहर खेत में काम कर रहे 55 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। झारखंड में पिछले दो सप्ताह से लू चलने के बाद शनिवार को तेज बारिश हुई। रांची में 14 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि जमशेदपुर में 0.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं, रांची मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी अभिषेक आनंद ने बताया कि झारखंड में 26 अप्रैल तक गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है। 

Content Editor

Khushi