तेज रफ्तार बाइक पर स्कूल जा रहे थे 10वीं और 6वीं के छात्र, पुल के नीचे गिरने से मौत

12/3/2022 11:38:15 AM

गुमला: झारखंड के गुमला जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया है जहां तेज रफ्तार बाइक से गिरकर 2 छात्रों की मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

दोनों बच्चे गिरे थे 10 फीट गड्ढे में 
मामला जिले के रायडीह थाना क्षेत्र के डोबडोबी पुल का है। जानकारी के अनुसार दोनों बच्चे बीते शुक्रवार को स्कूल के लिए जा रहे थे। इस दौरान तेज रफ्तार होने से बाइक अनियंत्रित हो गई और पुल के नीचे जा गिरी, जिसमें एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरे बच्चे ने सदर अस्पताल में दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि तीखे मोड़ पर नियंत्रण खोने से मोटरसाइकिल सहित दोनों पुल के नीचे 10 फीट गड्ढे में जा गिरे थे।

तेज रफ्तार की वजह से हुआ हादसा
दोनों बच्चों का परिवार जिले के सरहुल नगर व फुलवार टोली में किराए के मकान में रहता हैं। एक बच्चा 10वीं कक्षा का छात्र था तो दूसरा 6वीं कक्षा का छात्र था। हादसे का कारण तेज रफ्तार माना जा रहा है। वहीं, इस घटना के बाद पूरे इलाके में कोहराम मचा हुआ है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
 

Content Editor

Khushi