पत्नी के साथ हुए विवाद के बाद पुलिस ने किया गिरफ्तार तो युवक ने थाने में फंदा लगाकर दे दी जान
Friday, Jul 29, 2022-02:50 PM (IST)

समस्तीपुरः बिहार में समस्तीपुर जिले से सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पुलिस हिरासत में एक युवक ने गले में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। दरअसल, पत्नी से विवाद के बाद युवक को गिरफ्तार किया गया था।
जानकारी के अनुसार, घटना जिले के दलसिंहसराय थाना की है। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि जिले के मुफ्फसिल थाना के हकीमाबाद निवासी मो. गुलाब को पत्नी के साथ हुए विवाद में ससुराल वालों की शिकायत पर गिरफ्तार कर थाना लाया गया था। इसके बाद उसे एक कमरे मे बंद कर रखा गया, जहां युवक ने पंखे से लटक कर फांसी लगा ली।
घटना की खबर मिलते ही दलसिंहसराय के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिनेश कुमार पांडे थाना पहुंच कर मामले की छानबीन मे जुटे हैं। गौरतलब है कि मृतक मो. गुलाब की शादी चार वर्ष पूर्व जिले के दलसिंहसराय थाना के नवादा गांव में हुई थी। शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा था। मो. गुलाब गुरुवार को अपने काम से दलसिंहसराय गया था, जहां से पुलिस उसे गिरफ्तार कर थाना ले गई थी।