यशवंत सिन्हा ने बढ़ाई NDA और राजद की मुश्किलें, किया नए गठबंधन का ऐलान

6/27/2020 5:21:14 PM

पटनाः बिहार में इस वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इसी बीच पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा ने एनडीए और महागठबंधन की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। दरअसल, उन्होंने आज नया गठबंधन बनाने का ऐलान किया है।


दलीय राजनीति से संन्यास ले चुके यशवंत सिन्हा ने शनिवार को संवाददाता सम्मेलन में कहा कि गैर राजद और गैर राजग के खिलाफ उनका गठबंधन एक मजबूत विकल्प देगा। उनके गठबंधन का नारा है "इस बार बदलें बिहार" है। यशवंत सिन्हा ने कहा कि राज्य की बदहाल स्थिति को देखते हुए वे तीसरे मोर्चे का गठन कर रहे हैं। उन्होंने कहा यह मोर्चा बिहार का गौरव फिर से स्थापित करेगा। मोर्चा इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव में भाग लेगा। इस मोर्चे में एक दर्जन पूर्व सांसद और विधायक जुड़ सकते हैं। 


मोर्चे में भारतीय सबलाेग पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अरुण कुमार, पूर्व सांसद देवेंद्र यादव, पूर्व विधायक नागमणि, बिहार विधानसभा के पूर्व स्पीकर उदय नारायण चौधरी, पूर्व सांसद और दलित नेता पूर्णमासी राम, जनता दल (राष्ट्रवादी) के संस्थापक अशफाक रहमान, अनिल कुमार, लोजपा (एस) अध्यक्ष सत्यानंद शर्मा, पूर्व विधायक सिद्धनाथ राय सहित कई नेताओं के शामिल होने की संभावना है।

Edited By

Ramanjot