ललन सिंह के JDU का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर कार्यकर्ताओं में खुशी, कहीं बजे ढोल तो कहीं उड़े गुलाल

8/1/2021 10:52:29 AM

पटनाः राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के प्रमुख घटक जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के बिहार के मुंगेर से सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने पर कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़े बजाकर खुशी का इजहार किया।

पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की दिल्ली में शनिवार को हुई बैठक में ललन सिंह के नाम की घोषणा होने के बाद कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल है। कार्यकर्ताओं ने अलग-अलग टोली बनाकर ढोल नगाड़ा बजाया और खुशी का इजहार किया। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को गुलाल भी लगाया। प्रदेश मुख्यालय में दिनभर जश्न का माहौल देखा गया। वैसे तो जदयू राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक दिल्ली में चल रही थी लेकिन जश्न का माहौल पटना में देखा जा रहा था। राजधानी पटना में कई स्थानों पर बड़े-बड़े पोस्टर लगाकर ललन सिंह को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर बधाई दी गई है।

हालांकि इस पोस्टर में तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह की तस्वीर नजर नहीं आ रही है। जबकि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राज्यसभा सांसद वशिष्ठ नारायण सिंह, पा्र्टी संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा, राज्यसभा सांसद रामनाथ ठाकुर, मंत्री अशोक चौधरी, संजय झा के साथ ही विधान पार्षद एवं मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार की तस्वीर लगी है।

Content Writer

Ramanjot