2 साल बाद बाबा गरीबनाथ की नगरी में दिखा आस्था-उमंग का अद्भुत संगम, रात 12 बजे ही उमड़े श्रद्धालु

7/18/2022 11:02:19 AM

मुजफ्फरपुरः बाबा गरीबनाथ की नगरी में दो साल बाद फिर से आस्था, उमंग एवं भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। पहली सोमवारी के लिए रविवार की देर रात से ही कावरियों की भीड़ उमड़ गई। इस दौरान हर-हर महादेव के जयघोष से समूचा वातावरण शिवमय हो गया। रात 12 बजे गरीबस्थान मंदिर से पोखर मंदिर तक कांवरियों को लाइन लग गई थी।



भक्तों का जोश देखते बन रहा था। दिन में भीषण गर्मी में तपते हुए भी भक्त शाम से ही बाबा गरीबनाथ मंदिर के पास जुटने लगे थे। रात के 12 बजते से बाबा गरीबनाथ का जलाभिषेक शुरू हो गया। मुख्य पुजारी विनय पाठक ने बताया कि देर रात तक 30 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक कर लिया। भीड़ नियंत्रण को लेकर इस बार भी अरघा से ही जलाभिषेक की व्यवस्था की गई थी।

Content Writer

Ramanjot