परिवार नियोजन सेवा पखवाड़ा में महिलाओं ने दिखाई जागरुकता, भागीदारी 70% के करीबः स्वास्थ्य मंत्री

2/26/2022 7:17:10 PM

पटनाः बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने आज कहा कि मिशन परिवार विकास अभियान के तहत परिवार नियोजन सेवा पखवाड़ा के दौरान महिलाओं ने जागरुकता दिखाई और उनकी भागीदारी 70 प्रतिशत के करीब पहुंच गई।

मंगल पांडेय ने शनिवार को बताया कि पखवाड़ा के दौरान स्थायी और अस्थायी साधनों के उपयोग में राज्य की महिलाओं ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया। इस दौरान लक्षित समूह की कुल 69.4 प्रतिशत महिलाओं ने बंध्याकरण को अपनाया है। राज्य में 10 जनवरी 2022 से 16 जनवरी तक दंपत्ति सम्पर्क सप्ताह तथा 17 से 29 जनवरी 2022 तक परिवार नियोजन सेवा पखवाड़ा मनाया गया।

मंत्री ने कहा कि यह पखवाड़ा राज्य के 38 जिलों सहित 12 मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल और एक मदर चाइल्ड हॉस्पीटल (एमसीएच) में मनाया गया। इसमें कुल एक लाख 13 हजार 73 लाभार्थियों का रजिस्ट्रेशन किया गया। परिवार नियोजन सेवा पखवाड़ा के दौरान प्रखंडों में कुल 659 बैठकें मिशन परिवार विकास पर आयोजित की गई। वहीं, कुल 532 हेल्थ मेले का आयोजन किया गया। परिवार नियोजन सेवा पखवाड़ा के सफल संचालन के लिए प्रचार-प्रसार पर भी विशेष ध्यान दिया गया। इस दौरान कुल छ्ह हजार 171 गांवों में आईसी वैन तथा सारथी रथ के द्वारा प्रचार प्रसार किया गया है।

मंगल पांडेय ने कहा कि पखवाड़ा के दौरान स्थायी साधनों के अलावा लोगों ने अस्थायी साधनों के उपयोग पर भी ध्यान दिया है। सीमित परिवार बेहतर प्रजनन स्वास्थ्य के साथ खुशहाल परिवार की पहचान होती है। इसके लिए परिवार नियेजन के स्थायी व अस्थायी साधनों को बढ़ावा देना जरूरी है। परिवार नियोजन के प्रति पुरुषों की अपेक्षा महिलाओं में अधिक जागरुकता दिख रही है। पुरुषों को भी परिवार नियोजन के प्रति जागरूक होने की जरूरत है।

 

 

Content Writer

Ramanjot