विधानसभा में महिला विधायकों की मांग- संसद और विधानमंडल में भी महिलाओं को मिले आरक्षण

3/9/2021 12:24:00 PM

पटनाः अंतररष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर बिहार विधानसभा में महिला विधायकों ने संसद, विधान मंडल, राजनीतिक दलों और सरकार में महिलाओं के लिए आरक्षण की मांग की।

विधानसभा में भोजनावकाश से पूर्व भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की भागीरथी देवी, गायत्री देवी जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की शालिनी मिश्रा राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की मंजू अग्रवाल, संगीता कुमारी और कांग्रेस की प्रतिमा कुमारी ने पंचायती राज और पुलिस की नौकरी में महिलाओं को आरक्षण देने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का आभार व्यक्त किया। इसके साथ ही संसद, विधान मंडल, राजनीतिक दलों और सरकार में भी महिलाओं के लिए आरक्षण की मांग की।

भागीरथी देवी और गायत्री देवी ने कहा कि पंचायती राज में 50 प्रतिशत आरक्षण देने वाला बिहार देश का पहला राज्य है। इसी तरह पुलिस सेवा में भी महिलाओं के लिए 35 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था है। इसके लिए मुख्यमंत्री बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि इसी तरह महिलाओं को संसद और विधान मंडल में भी 33 प्रतिशत आरक्षण मिलना चाहिए।

Content Writer

Ramanjot