खेत में भैंस चराने से रोका तो दबंगों ने महिला को पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट, एक आरोपी फरार

9/2/2022 12:13:07 PM

भागलपुरः बिहार में आपराधिक घटनाओं का ग्राफ दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। आए दिन बेखौफ बदमाश बड़ी-बड़ी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। मामला भागलपुर जिले का है, जहां कुछ दबंग लोगों ने एक महिला की पीट-पीट कर हत्या कर दी। 

खेत में भैंस नहीं चराने की लगाई थी गुहार 
जानकारी के अनुसार, घटना जिले के गोराडीह थाना क्षेत्र की है। पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि इस क्षेत्र के रामनगर गांव में पुजारी साह के खेत में गुरुवार को बगल के कुरुडीह गांववासी दबंग संतलाल यादव एवं उसका पुत्र विपिन यादव भैंस चरा रहा था। इससे खेत में लगे धान के बिचड़े के नष्ट होते देखकर पुजारी साह की पत्नी अंजू देवी (35) ने उन दबंग पिता-पुत्र से भैंस नहीं चराने की गुहार लगाई। इतनी सी बात को सुनते ही दबंग पिता-पुत्र ने क्रोधित हो कर लाठी-डंडे से अंजू देवी की पिटाई शुरू कर दी। मौके पर मौजूद अंजु देवी के रिश्तेदार मुनेश्वर साह जब अंजू देवी को बचाने गए तो दबंगों ने उसे भी पीट कर घायल कर दिया। इधर आसपास के खेतों में काम करने वाले लोगों के शोर करने से दबंग पिता-पुत्र भाग गए।

ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल अंजू देवी और मुनेश्वर साह को तुरंत भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल भेज दिया लेकिन रास्ते में ही अंजू देवी की मौत हो गई। मृतका के परिजनों के बयान पर पुलिस ने नामजद प्राथमिकी दर्ज करने के बाद एक अभियुक्त संतलाल यादव को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य एक फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।

Content Writer

Ramanjot