मधेपुराः आपसी विवाद में पति ने पत्नी की गला दबाकर की हत्या, शव को छोड़कर हुआ फरार

6/27/2021 12:27:18 PM

मधेपुराः बिहार में मधेपुरा जिले के शंकरपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को पति-पत्नी के बीच हुए विवाद में महिला की हत्या कर दी गई। वहीं घटना के बाद पति फरार हो गया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि मौरा कवियाही पंचायत के वार्ड पांच निवासी राजकिशोर उर्फ बुचो यादव और उनकी पत्नी संजू देवी के बीच अक्सर विवाद होते रहता था। शनिवार की अहले सुबह भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसी दौरान दोनों के बीच झगड़े में संजू देवी की मौत हो गई। मृतक महिला का पुत्र सुनील कुमार एक फाइनेंस कंपनी में कार्यरत हैं। घटना के समय वह अपने घर पर मौजूद नही था।

सूत्रों ने बताया कि घटना के बाद से मृतक महिला का पति फरार है। मृतका के पुत्र ने थाने में आवेदन देकर बताया कि उनके माता-पिता के बीच अक्सर लड़ाई होती थी। उन्होंने आवेदन में शंका जाहिर की है कि उसकी मां की हत्या की गई है। प्रथम द्दष्टया प्रतीत होता है कि महिला की गला दबाकर हत्या की गई है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मधेपुरा सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पोस्टमाटर्म रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।

Content Writer

Ramanjot