सारणः दहेज को लेकर ससुराल वालों ने की महिला की हत्या, शव छोड़कर हुए फरार

5/6/2021 2:05:48 PM

छपराः बिहार में सारण जिले से दहेज के लिए महिला का हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। महिला की हत्या करने के बाद ससुराल वाले शव को छोड़कर फरार हो गए। वहीं पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए घापेमारी कर रही है।

जानकारी के अनुसार, घटना जिले के अवतार नगर थाना क्षेत्र की है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मुजफ्फरपुर जिले के कांटी थाना क्षेत्र के पानापुर करियात गांव निवासी पैसेंजर साह ने अवतार नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए कहा कि उन्होंने अपनी पुत्री अनिता की शादी वर्ष 2016 में अवतार नगर थाना क्षेत्र के हराजी गांव निवासी अमर नाथ साह के पुत्र पवन कुमार साह के साथ की थी। शादी के बाद से ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग को लेकर अनिता को प्रताड़ित किया करते थे। अनिता के ससुराल के पड़ोसियों ने उन्हें मोबाइल पर सूचना दी कि उनकी पुत्री की हत्या करने के बाद शव को छोड़कर ससुराल वाले फरार हो गए हैं।

इसके बाद जब वे अनिता के ससुराल पहुंचे तो वहां उन्होंने अपनी पुत्री का शव आंगन में पड़ा हुआ पाया, जिसके बाद उन्होंने मामले की सूचना अवतार नगर थाना पुलिस को दी। सूत्रों ने बताया कि सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने पोस्टमॉर्टम कराए जाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। दर्ज प्राथमिकी के आधार पर पुलिस अनिता देवी के पति समेत अन्य पांच लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी कर रही है।

Content Writer

Ramanjot