रक्षाबंधन पर पसरा मातम: भाई को राखी बांधने जा रही बहन की सड़क हादसे में मौत, पति और मासूम बच्चा घायल
Saturday, Aug 29, 2026-12:42 PM (IST)
सुपौल: बिहार में सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को सड़क दुर्घटना में एक युवती की मौत हो गई तथा उसके पति और बच्चे समेत तीन लोग घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि रक्षाबंधन के अवसर पर पिपरा निवासी पूजा देवी (23) अपने पति रवि धामी, बच्चे और एक अन्य व्यक्ति के साथ मोटरसाइकिल से अपने भाई के घर राखी बांधने जा रही थी।
इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 27 पर रामविशनपुर चकला चौक के समीप पीछे से आ रहे एक चारपहिया वाहन ने मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में पूजा देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि रवि धामी समेत तीन लोग घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल राघोपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। दुर्घटना के बाद चारपहिया वाहन का चालक वाहन समेत फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है।

