पति ने नानी के अंतिम दर्शन को जाने से रोका तो महिला ने 2 बच्चों संग जहर खाकर दी जान, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

10/25/2022 3:46:56 PM

सुपौलः बिहार के सुपौल जिले से दिल दहला देनी वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ जहर खाकर जान दे दी। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। उधर, महिला के परिजनों ने ससुराल वालों पर हत्या के आरोप लगाए हैं।



नानी के अंतिम दर्शन को जाने से पति ने किया था मना 
जानकारी के अनुसार, घटना जिले के छातापुर थाना इलाके के माधोपुर पंचायत स्थित दास टोला की है। मृतकों की पहचान मनीषा कुमारी (25) और उसके दो बच्चे रितिक कुमार (3) और राणा कुमार (2) के रूप में हुई है। घटना क संबंध में बताया जा रहा है कि दीपावली के दिन मनीषा कुमारी की नानी का निधन हो गया था। वहीं उसके पति ने उसे नानी के अंतिम दर्शन को जाने से रोक दिया। इसी बात को लेकर दोनों में झगड़ा हो गया। इसके बाद मनीषा ने खुद भी जहर खा लिया और अपने दो मासूम बेटों को भी जहर खिला दिया, जिससे महिला और उसके दोनों बेटों की मौत हो गई।



परिजनों ने ससुराल वालों पर लगाया हत्या का आरोप
उधर, मृतका के परिजन ससुराल वालों पर मारपीट के बाद जहर खिलाकर मार देने का आरोप लगा रहे हैं। वहीं घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों के आरोप और घटनास्थल से मिले साक्ष्य के आधार पर फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।

Content Writer

Ramanjot