सारण में दहेज की बलि चढ़ी एक और विवाहिता, ससुरालवालों ने जलाकर मार डाला

4/2/2021 12:32:19 PM

छपराः बिहार में सारण जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को दहेज की मांग को लेकर एक महिला की जलाकर हत्या कर दी गई।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि रूदलपुर गांव में दहेज की मांग को लेकर एक महिला की जलाकर हत्या कर दी गई। इस मामले में मृतक प्रियंका देवी के पिता मांझी थाना क्षेत्र के माड़ीपुर गांव निवासी उपेंद्र सिंह ने जलालपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए कहा है कि उनकी पुत्री प्रियंका की शादी रूदलपुर गांव निवासी जवाहर सिंह के पुत्र अमित कुमार सिंह उर्फ पिंटू के साथ हुई थी। विवाह के बाद से ही प्रियंका के ससुराल पक्ष के लोग उनकी पुत्री को दहेज के लिए प्रताड़ित किया करते थे। प्रियंका के पड़ोसियों ने उन्हें मोबाइल फोन पर सूचना दी कि उनके पुत्री की हत्या जलाकर कर दी गई है।

सूचना मिलने पर जब मृतका के परिजन वहां पहुंचे तो प्रियंका के ससुराल वाले वहां से फरार हो गए थे और घर के आंगन में जली हुई अवस्था में प्रियंका पड़ी हुई थी। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रियंका को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूत्रों ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस मृतका के पिता के फर्द बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर दोषियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी कर रही है।

Content Writer

Ramanjot