न्याय की आस लिए CM के जनता दरबार पहुंची महिला, JDU MLA पर लगाया पति की हत्या का आरोप

9/6/2021 3:05:08 PM

 

 

पटनाः बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के जनता दरबार में आज एक ऐसा मामला आया, जिसे सुनकर वह थोड़ी देर के लिए चुप ही रह गए। दरअसल, एक महिला ने आरोप लगाते हुए कहा कि उनके ही विधायक ने मेरे पति की हत्या करवा दी। वहीं सीएम ने यह मामले को सुना और इसे तुरंत डीजीपी के पास ट्रांसफर कर दिया।

वाल्मीकि नगर की कुमुद वर्मा ने कहा कि जदयू के विधायक रिंकू सिंह ने मेरे पति दयानंद वर्मा की हत्या करवा दी। इस मामले में अब तक पुलिस रिंकू सिंह के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। उन्होंने शिकायत करते हुए कहा कि आरोपी को स्थानीय थानेदार बचा रहा है। आरोपी को गिरफ्तार करने के 17 दिनों बाद ही बेल मिल गई।

जेल से बाहर आने के बाद आरोपी धमकी दे रहा है। मैं न्याय की आस लिए दर-दर भटक रही हूं। अब आप ही न्याय दिला दीजिए सर। वहीं महिला की अर्जी सुनने के बाद नीतीश कुमार ने तुरंत उन्हें डीजीपी के पास भेजने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि डीजीपी स्वयं इस मामले को देखेंगे।

बता दें कि पश्चिम चंपारण के पूर्व जिला परिषद सदस्य दयानंद वर्मा की हत्या 14 फरवरी 2021 को सिरसिया चौक के पास गोली मारकर की गई थी। इस मामले में उनकी पत्नी कुमुद वर्मा ने रिंकू सिंह और उनके लोगों पर एफआईआर दर्ज करवाई थी, लेकिन अब तक इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई है।


 

Content Writer

Nitika