Sheohar Lok Sabha seat: क्या जीत हासिल कर पाएंगी लवली आनंद, आनंद मोहन से बदला लेने की तैयारी में है लालू परिवार

4/11/2024 1:37:46 PM

Sheohar Lok Sabha Seat: बिहार की 40 लोकसभा सीटों में से एक शिवहर लोकसभा सीट है। यह क्षेत्र पहले सीतामढ़ी जिले का हिस्सा था। साल 1994 में इसे स्वतंत्र जिला घोषित किया गया। सिर्फ पांच प्रखंडों को मिलाकर शिवहर को जिला बनाने का श्रेय रघुनाथ झा को जाता है। शिवहर लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व स्वतंत्रता सेनानी ठाकुर जुगल किशोर सिन्हा कर चुके हैं। सिन्हा को भारत में सहकारी आंदोलन के जनक के रूप में जाना जाता है। उनकी पत्नी राम दुलारी सिन्हा भी स्वतंत्रता सेनानी थीं। वे केंद्रीय मंत्री और गवर्नर भी रही थीं। 

राम दुलारी सिन्हा बिहार की पहली महिला पोस्ट ग्रेजुएट थीं। आजादी के बाद पहली बार इस सीट पर साल 1953 में चुनाव हुआ और कांग्रेस के टिकट पर स्वतंत्रता सेनानी ठाकुर जुगल किशोर सिन्हा जीतकर लोकसभा पहुंचे। उस वक्त इस सीट का नाम मुजफ्फरपुर नॉर्थ-वेस्ट था। 1957 के चुनाव में पुपरी सीट के नाम से यहां लोकसभा चुनाव हुए। इस चुनाव में कांग्रेस के दिग्विजय नारायण सिंह चुनाव जीते तो 1962 के चुनाव में राम दुलारी सिन्हा सांसद चुनी गईं। 1967 में एस. पी. साहू और 1971 में हरि किशोर सिंह चुनाव जीतकर दिल्ली पहुंचे। 1977 के चुनाव में न सिर्फ लोकसभा सीट का नाम बदल गया बल्कि कांग्रेस को भी जनता ने बदल दिया। इस बार जनता पार्टी के टिकट पर ठाकुर गिरजा नंदन सिंह सांसद चुने गए लेकिन 1980 और 1984 के लोकसभा चुनाव में फिर कांग्रेस के टिकट पर राम दुलारी सिन्हा चुनाव जीतने में कामयाब रहीं। 



1989 के चुनाव में जनता दल ने यहां सियासी उलटफेर किया और जनता दल के टिकट पर 1989 और 1991 में हरि किशोर सिंह चुनाव जीतने में कामयाब रहे। 1996 में समता पार्टी के टिकट पर आनंद मोहन सिंह सांसद चुने गए तो 1998 में भी आनंद मोहन सिंह ही सांसद बने लेकिन इस बार वे ऑल इंडिया राष्ट्रीय जनता पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़े थे। 1999 में राजद के टिकट पर मोहम्मद अनवारुल हक़ सांसद चुने गए तो 2004 में राजद के टिकट पर ही सीताराम सिंह सांसद बने। वहीं 2009,2014 और 2019 में बीजेपी कैंडिडेट रमा देवी सांसद बनीं थीं। इस बार ये सीट जेडीयू के खाते में चली गई है और यहां से जेडीयू ने लवली आनंद को टिकट दिया है। 

शिवहर लोकसभा के तहत आती हैं विधानसभा की 6 सीटें



शिवहर लोकसभा सीट के अंतर्गत कुल 6 विधानसभा सीटें आती हैं, जिनमें से पूर्वी चंपारण जिले की मधुबन, चिरैया और ढाका विधानसभा, शिवहर जिले की शिवहर विधानसभा और सीतामढ़ी जिले की रीगा और बेलसंड विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। 

एक नजर 2019 लोकसभा चुनाव के नतीजों पर 



वहीं 2019 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी कैंडिडेट रमा देवी ने शिवहर से जीत हासिल की थी। रमा देवी को 6 लाख 8 हजार 678 वोट मिले थे तो आरजेडी कैंडिडेट सैयद फैसल अली 2 लाख 68 हजार 318 वोट लाकर दूसरे स्थान पर रहे थे। वहीं निर्दलीय केदारनाथ प्रसाद 18 हजार 426 वोट लाकर तीसरे स्थान पर रहे थे। 

एक नजर 2014 लोकसभा चुनाव के नतीजों पर 



अब एक नजर पिछले लोकसभा चुनाव के नतीजों पर डालें तो साल 2014 में इस सीट पर भारतीय जनता पार्टी की रमा देवी ने 3 लाख 72 हजार 506 वोट हासिल कर जीत का परचम लहराया था। वहीं आरजेडी के मोहम्मद अनवारुल हक़ 2 लाख 36 हजार 267 वोट हासिल कर दूसरे स्थान पर रहे थे जबकि जेडीयू के शाहिद अली खान को 79 हजार 108 वोट मिले थे और वे तीसरे स्थान पर रहे थे। 

लोकसभा चुनाव 2009 के नतीजे 



साल 2009 की बात करें तो भारतीय जनता पार्टी के रमा देवी ने 2 लाख 33 हजार 499 वोट हासिल कर जीत हासिल की थी। वहीं बीएसपी के मोहम्मद अनवारुल हक़ 1 लाख 7 हजार 815 वोट हासिल कर दूसरे स्थान पर रहे थे जबकि राजद के सीताराम सिंह को 89 हजार 548 वोट मिले थे और वे तीसरे स्थान पर रहे थे। 

लोकसभा चुनाव 2004 के नतीजे 



साल 2004 की बात करें तो आरजेडी के सीताराम सिंह ने 3 लाख 3 हजार 243 वोट हासिल कर जीत हासिल की थी। वहीं बीजेपी के मोहम्मद अनवारुल हक़ 2 लाख 29 हजार 360 वोट हासिल कर दूसरे स्थान पर रहे थे जबकि बीपीएसपी के आनंद मोहन सिंह को 86 हजार 418 वोट मिले थे और वे तीसरे स्थान पर रहे थे। 

25 मई को शिवहर सीट पर लोकसभा का चुनाव होना है। इस बार यहां से जेडीयू की टिकट पर लवली आनंद चुनाव लड़ रही हैं। इस बार उनके विरोध में आरजेडी अपना कैंडिडेट देगी। आरजेडी आनंद मोहन के परिवार से हिसाब किताब बराबर करने की कोशिश करेगी। 

Content Writer

Ramanjot