पति की मौत के 20 मिनट बाद पत्नी ने भी त्यागे प्राण, एक साथ उठीं दो अर्थियां तो हर आंख हुईं नम
Thursday, May 14, 2026-02:39 PM (IST)
Bihar News: ऐसा कहा जाता है कि पति-पत्नी का साथ सात फेरों से शुरू होकर सात जन्मों तक जाता है। ऐसे ही बिहार के पूर्णिया जिले से एक दंपती के अटूट प्रेम की हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां पति के निधन के 20 मिनट बाद ही पत्नी ने भी प्राण त्याग दिए। जब दोनों के शव को एक चिता पर रखकर अंतिम संस्कार किया गया तो हर किसी की आंख नम हो गई।
सदमे में थमीं पत्नी की सांसें
दरअसल, यह घटना राजवाड़ा गढ़िया विष्णुपुर गांव (वार्ड-10) की है। बताया जाता है कि मंगलवार को वेदानंद यादव (80 वर्ष) का अचानक निधन हो गया। जैसे ही उनकी पत्नी मनोरमा देवी (75 वर्ष) को पति के चले जाने की सूचना मिली, वे बदहवास होकर उनके पार्थिव शरीर के पास पहुंचीं। वे अपने पति की मौत का सदमा बर्दाश्त नहीं कर सकीं तो महज 20 मिनट के अंदर प्राण त्याग दिए।
पूरे गांव में पसरा सन्नाटा
एक ही घर से जब दो अर्थियां एक साथ उठीं, तो पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया। एक साथ विदा हुए इस दंपती के अंतिम संस्कार में हर किसी की आंख नम दिखाई दी।

