...ऐसी पार्टी से क्या उम्मीद करना जिसके अध्यक्ष जेल में और बेटा बेल पर हो: रघुवर दास

11/2/2020 12:20:03 PM

रांची/बिहार/भागलपुरः भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के परिवार पर कटाक्ष करते हुए रविवार को कहा कि उस पार्टी से विकास की उम्मीद कभी नहीं की जा सकती है जिसके राष्ट्रीय अध्यक्ष (लालू यादव) जेल में हैं और उसका बेटा बेल (जमानत) पर हो।

दास रविवार को भाजपा प्रत्याशी के लिए जनसंपर्क अभियान चलाने के बाद संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में ठग महागठबंधन लोगों को मूर्ख बनाने का काम कर रहा है जिसमें कांग्रेस, राजद और वामपंथी पाटिर्यों के शातिर लोग शामिल है। ये लोग चुनाव में झूठे वायदे कर केवल सत्ता हथियाने चाहते हैं। लेकिन बिहार की जनता सबकुछ जानती है और ऐसे लोगों को करारा जवाब देने का काम करेगी। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने कहा कि इसी तरह के महा गठबंधन ने झारखंड में साल 2019 के विधानसभा चुनाव में बड़े-बड़े वादे और विकास का सब्जबाग दिखाकर सत्ता हासिल किया है।

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सारी घोषणाएं डपोरशंखी साबित हो रही है और इसे वहां की जनता समझ चुकी है। दास ने कहा कि ऐसे महागठबंधन में शामिल कांग्रेस की अध्यक्षा सोनिया गांधी और उसके पुत्र राहुल गांधी दोनों जमानत पर हैं। बावजूद इसके कांग्रेस से राजद, झामुमो, वामपंथी दल वाले हाथ मिलाए हुए हैं। इस तरह भ्रष्टाचारियों का यह कुनबा बिहार का कभी भला नहीं कर सकता है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि एक कुशल मुख्यमंत्री के रुप में नीतीश कुमार ने विकास के साथ कानून का राज स्थापित करने का काम किया है।

केन्द्र सरकार के सहयोग से डबल इंजन की राज्य सरकार ने हर क्षेत्रों में विकास के काम किया हैं जिससे हर तबके के लोग लाभान्वित हुए हैं। ऐसे में फिर से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार बनेगी और नीतीश कुमार पुन: मुख्यमंत्री बनेगे। प्रदेश की जनता ने इसका निर्णय ले चुकी है। संवाददाता सम्मेलन में भाजपा के सांसद निशिकांत दुबे, विधायक अमित मंडल एवं जिला भाजपा अध्यक्ष संतोष कुमार भी मौजूद थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Diksha kanojia

Recommended News

Related News

static