Bihar Election Result 2025: "बिहार के लिए बेहद दुर्भाग्यपूर्ण...", रुझानों में NDA की दमदार बढ़त को लेकर ये क्या बोल गए पप्पू यादव

Friday, Nov 14, 2025-12:52 PM (IST)

Bihar Election Result 2025: बिहार विधानसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को जारी मतगणना के शुरुआती रुझानों में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) 243 सदस्यीय बिहार विधानसभा की 180 सीट पर आगे है, जो दो-तिहाई बहुमत के आंकड़े से काफी अधिक है। वहीं विपक्षी इंडिया गठबंधन इस समय 48 सीट पर बढ़त बनाए हुए है। इसके साथ ही सत्तापक्ष और विपक्ष के नेताओं के दावे भी तेज हो गए। वहीं, अब इस रिजल्ट पर पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव (Pappu Yadav) ने पहली प्रतिक्रिया दी है।

यह बिहार के लिए बेहद दुर्भाग्यपूर्ण- Pappu Yadav
पप्पू यादव (Pappu Yadav) ने कहा, "हमें इसे (शुरुआती रुझानों को) स्वीकार करना होगा। यह बिहार के लिए बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। मैं जनता से कुछ नहीं कह सकता, मैं सिर्फ उनके फैसले का स्वागत करता हूं, लेकिन यह बिहार के लिए दुर्भाग्य है।" इधर, कांग्रेस सांसद मनोज कुमार ने कहा कि राज्य की जनता राजनीतिक परिवर्तन चाहती है। उन्होंने कहा, “लोग निश्चित रूप से बिहार में बदलाव लाएंगे।” रुझानों में राजग को स्पष्ट रूप से बढ़त मिलने के बीच उन्होंने यह भी कहा कि शुरुआती रुझान अंतिम परिणाम की तस्वीर स्पष्ट नहीं करते। कुमार ने कहा, ‘‘राज्य में हमने बदलाव की जो भावना देखी है, वह प्रबल है। शुरुआती रुझान कभी पूरी तस्वीर नहीं बताते।”

राष्ट्रीय जनता दल (RJD) कार्यालय में पार्टी नेता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि मतगणना के आगे बढ़ने के साथ रुझान बदलेंगे। उन्होंने कहा, “प्रारंभिक रुझान करीबी मुकाबला दिखा रहे हैं। लेकिन कई जगह महागठबंधन (इंडिया गठबंधन) आगे है। एक-दो घंटे में स्पष्ट हो जाएगा कि हम सरकार बना रहे हैं। हमें पूरा भरोसा है।”
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

static