Bihar Weather: बिहार में मौसम ने ली करवट, 26 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी, किसानों की बढ़ी चिंता

3/31/2023 1:25:47 PM

पटनाः बिहार में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। गुरुवार शाम को बिहार की कई जगहों पर गरज के साथ बारिश हुई। अगले 24 घंटों के दौरान 26 जिलों में मध्यम बारिश के साथ बिजली और बादल गरजेंगे। वहीं इस बेमौसम बरसात ने किसानों की भी चिंता बढ़ा दी है।

इन जिलों में जारी किया गया अलर्ट
मौसम विभाग ने 31 मार्च को राज्य के 26 जिलों में ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है, जिसमें राजधानी पटना, मुजफ्फरपुर, सिवान, मधुबनी, दरभंगा, सारण, वैशाली, गोपालगंज,  समस्तीपुर, बेगूसराय, शेखपुरा, लखीसराय, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण, सीतामढ़ी, नालंदा, नवादा, जहानाबाद, अरवल, औरंगाबाद, भोजपुर, कैमूर, गया, शिवहर, रोहतास और बक्सर शामिल हैं।

आज पटना में छाए रहेंगे बादल
वहीं पटना की बात करें तो राजधानी पटना में भी आज बादल छाए रहेंगे और सुबह हल्की बारिश भी हो सकती है। बीते 24 घंटे के दौरान पटना में अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं आज अधिकतम तापमान 34 जबकि न्यूनतम 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। पटना में 3 अप्रैल तक मौसम ऐसा ही रह सकता है।

किसानों की बढ़ी चिंता
बता दें बारिश की संभावना ने किसानों की चिंता को बढ़ा दिया है। क्योंकि बारिश के कारण गेहूं, मकई, सरसों, अरहर सहित रवि की अन्य फसलें खराब होने के आसार बढ़ गए हैं। मौसम में आए इस अचानक बदलाव से अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की जा रही है।

Content Editor

Swati Sharma