पार्टी के वफादार स्तंभ थे वोरा, उनके निधन से राजनीतिक क्षेत्र में हुई अपूरणीय क्षतिः कांग्रेस

12/22/2020 11:43:39 AM

पटनाः बिहार कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश के पूर्व राज्यपाल एवं मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मोतीलाल वोरा के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि वह पार्टी के वफादार स्तंभ थे।

बिहार कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सदानंद सिंह ने सोमवार को अपने शोक संदेश में कहा कि स्व. वोरा पार्टी के वफादार स्तंभ थे। वे प्रशासनिक क्षमता और संगठनात्मक योग्यता के अद्वितीय उदारण थे। उन्होंने मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व राज्यपाल और पार्टी के पूर्व कोषाध्यक्ष के रूप में अमिट छाप छोड़ी। उनके निधन से राजनीतिक एवं समाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। ईश्वर उनकी आत्मा को चिर शांति प्रदान करें एवं उनके शोकाकुल परिजनों को इस दुख की घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति दें।

वहीं, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा ने अपने शोक उद्गार में कहा कि वह अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी कार्यालय में बराबर आते थे और देश के विभिन्न भागों से आए कांग्रेस जनों से मिलकर उनकी समस्याओं का समाधान करते थे। उन्होंने कहा कि वोरा के निधन से कांग्रेस के प्रमुख स्तंभ हमारे बीच से चले गए। वहीं, कांग्रेस विधायक दल के नेता अजीत शर्मा ने वोरा के निधन को कांग्रेस के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।

प्रदेश कांग्रेस अभियान समिति के अध्यक्ष डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह ने भी वोरा के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की है। शोक-संवेदना व्यक्त करने वालों में प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार, कौकब कादरी, डॉ. समीर कुमार सिंह, श्यामसुन्दर सिंह धीरज, प्रेमचंद्र मिश्रा, प्रतिमा कुमारी दास, एच. के. वर्मा, राजेश राठौड़, हरखू झा, लाल बाबू लाल और आनन्द माधव भी शामिल हैं।

Ramanjot