Bihar Election 2025: इस बार NDA का वोट प्रतिशत बढ़ा तो महागठबंधन का घटा, देखें पूरा गणित
Saturday, Nov 15, 2025-03:31 PM (IST)
Bihar Election Result 2025: बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए ने प्रचंड बहुमत हासिल किया है। भाजपा (BJP) और जदयू (JDU) ने इस बार कम सीट पर चुनाव लड़ने के बावजूद अपने वोट प्रतिशत में बढ़ोतरी दर्ज की है। एनडीए को 47.14 फीसदी वोट मिलें हैं तो वहीं महागठबंधन मात्र 35.90 फीसदी वोट ही हासिल कर पाए।
निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, भाजपा का वोट प्रतिशत 2020 के 19.46 प्रतिशत से बढ़कर इस बार 20.08 प्रतिशत हो गया, जबकि पार्टी ने पिछली बार की 110 सीट की तुलना में इस बार 101 पर चुनाव लड़ा था। जदयू ने भी इस चुनाव में उल्लेखनीय बढ़त दर्ज की। उसका वोट प्रतिशत 2020 के 15.39 प्रतिशत से बढ़कर 19.25 प्रतिशत हो गया। जदयू ने 2020 में 115 सीट पर मुकाबला किया था, जबकि इस बार उसने 101 सीट पर अपने उम्मीदवार उतारे।
एनडीए में किस पार्टी को कितना फीसदी वोट मिला?
| पार्टी | वोट प्रतिशत |
| BJP | 20.08 % |
| JDU | 19.25 % |
| HAM | 1.77 % |
| RLM | 1.07 % |
| LJP (RV) | 4.97 % |
| NDA | 47.14 % |
राजद ने इस चुनाव में सबसे अधिक 141 सीट पर उम्मीदवार उतारे और उसे 23 प्रतिशत वोट मिले। यह उसके पिछले वोट शेयर 23.11 प्रतिशत की तुलना में मामूली गिरावट है। पिछली बार पार्टी 144 सीट पर चुनाव लड़ी थी। कांग्रेस का वोट प्रतिशत 2020 के 9.48 प्रतिशत से घटकर 8.721 प्रतिशत रह गया। कांग्रेस पिछली बार 70 सीट पर लड़ी थी, जबकि इस बार उसने 61 सीट पर अपने उम्मीदवार उतारे।
महागठबंधन में किस पार्टी को कितना फीसदी वोट मिला?
| पार्टी | वोट प्रतिशत |
| RJD | 23.00 |
| INC | 8.71 |
| CPI | 0.74 |
| CPM | 0.60 |
| CPI (ML)L | 2.84 |
| MGB | 35.89 + .01 (IIP) = 35.90 |
असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम, जिसने इस बार स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ा, को कुल वोट का लगभग दो प्रतिशत मिला। 2020 में उसका वोट शेयर 1.24 प्रतिशत था। वहीं बहुजन समाज पार्टी को मात्र एक सीट पर जीत मिली।
| पार्टी | कितनी सीटें जीती और वोट प्रतिशत |
| AIMIM | 5 (1.85%) |
| BSP | 1 (1.62%) |
राज्य की 243 सीटों में से सबसे ज्यादा बीजेपी ने 89 सीटें जीती हैं। वहीं सहयोगी दल जनता दल यूनाइटेड को 85 सीटें मिली हैं।
| NDA | महागठबंधन | ||
| BJP | 89 | RJD | 25 |
| JDU | 85 | INC | 6 |
| LJP (RV) | 19 | CPI (ML) | 2 |
| HAM | 5 | IIP | 1 |
| RLM | 4 | CPM | 1 |
| कुल सीटें | 202 | कुल सीटें | 35 |

