डिप्टी CM ने कहा- विधान परिषद चुनाव में VIP को नहीं मिलेगी एक भी सीट, सहनी को MLC बना ही दिया

1/23/2022 4:01:31 PM

पटनाः बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने स्पष्ट कर दिया है कि स्थानीय निकाय कोटे से होने वाले विधान परिषद के चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) को एक भी सीट नहीं मिलेगी। 

"सहनी को विधान परिषद में तो भेज ही दिया" 
बिहार के उपमुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता तारकिशोर प्रसाद ने रविवार को पत्रकारों से बातचीत में स्पष्ट किया कि मंत्री मुकेश सहनी के नेतृत्व वाली विकासशील इंसान पार्टी को इस चुनाव में एक भी सीट नहीं मिलने जा रही है। सहनी राजग गठबंधन के सहयोगी हैं। इस लिहाज से उन्हें विधान परिषद में तो भेजा ही गया है। वैसे भी वह (सहनी) विधान परिषद चुनाव में कभी साथ मिलकर लड़े नहीं हैं। 

"VIP के साथ मिलकर कभी MLC चुनाव लड़े ही नहीं" 
तारकिशोर ने कहा कि वीआईपी के साथ मिलकर हमलोग कभी भी विधान परिषद का चुनाव लड़े ही नहीं हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें विधान परिषद भेजने में सहयोग किया गया क्योंकि सहनी गठबंधन के सहयोगी हैं। उन्होंने कहा कि गत विधानसभा चुनाव में राजग ने उन्हें 11 सीटें दी थी। गठबंधन में न कभी भीख होता है और न डील। सभी लोग साथ मिलकर काम करते हैं। उपमुख्यमंत्री ने एक सवाल के जवाब में कहा कि भाजपा कोर कमेटी की बैठक होती रहती है। भाजपा सत्ता पक्ष का सबसे बड़ा दल है। कोर कमेटी की बैठक में मंथन किया गया है कि सरकार और बेहतर ढंग से कैसे कार्य करें, विकसित बिहार कैसे बने इस पर चर्चा की गई।

उल्लेखनीय है कि मुकेश सहनी के नेतृत्व वाली वीआईपी वर्ष 2020 के विधानसभा चुनाव में रजग के साथ चुनाव लड़ी थी। सीट बंटवारे में भाजपा ने वीआईपी को 11 सीटें दी थी। सहनी भी विधानसभा का चुनाव लड़े लेकिन उनकी करारी हार हो गई थी। इसके बाद भाजपा कोटे से उन्हें विधान परिषद भेजा गया। अब वीआईपी ने स्थानीय निकाय की 24 सीटों के लिए होने वाले विधान परिषद के चुनाव में अपनी हिस्सेदारी की मांग कर दी है। हालांकि भाजपा ने सहनी की मांग को सिरे से खारिज कर दिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Recommended News

Related News

static