VIP ने की 11 प्रत्याशियों के नाम की घोषणा, सिमरी बख्तियारपुर से चुनाव लड़ेंगे मुकेश सहनी

10/16/2020 12:29:55 PM

पटनाः बिहार में नीतीश कुमार की अगुवाई वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) का हाल ही में हिस्सा बनी विकासशील इंसान पार्टी (VIP) ने विधानसभा चुनाव के लिए अपने 11 प्रत्याशियों के नाम की घोषणा कर दी।

वीआईपी (VIP) के अध्यक्ष मुकेश सहनी (Mukesh Sahni) ने गुरुवार को अपने सभी 11 प्रत्याशियों के नाम की घोषणा करते हुए कहा कि वह खुद सहरसा के सिमरी बख्तियारपुर (सुरक्षित) से चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने बताया कि पार्टी ने बक्सर के ब्रह्मपुर (सु.) से जयराज चौधरी, मधुबनी से सुमन कुमार महासेठ, दरभंगा के अलीनगर से मिश्री लाल यादव, मुजफ्फरपुर के साहेबगंज से राजू कुमार सिंह, सारण के बनियापुर से वीरेंद्र कुमार ओझा, दरभंगा की गौराबौराम से स्वर्ण सिंह, पूर्वी चंपारण की सुगौली (सु.) से रामचंद्र सहनी, किशनगंज के बहादुरपुर (सु) से लखन लाल पंडित, कटिहार के बलरामपुर से वरुण कुमार झा और मुजफ्फरपुर के बोचहां (सु.) से मुसाफिर पासवान को अपना उम्मीदवार बनाया है।

मुकेश सहनी ने इसके साथ ही चुनाव के बाद बिहार विधान परिषद की एक सीट दिए जाने के राजग (NDA) की ओर से किए गए वादे की चर्चा करते हुए इसके लिए पार्टी के 23 संभावित नामों की भी सूची जारी की। गौरतलब है कि वीआईपी (VIP) ने सम्मानजनक सीट नहीं मिलने के कारण महागठबंधन से नाता तोड़कर राजग (NDA) से संबंध जोड़ा है। राजग में सीटों के तालमेल के तहत जनता दल यूनाइटेड (JDU) को 122 और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को 121 सीटें मिली हैं। जदयू ने राजग में शामिल हुए हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (HAM) को अपने कोटे से सात और भाजपा (BJP) ने वीआईपी को अपने हिस्से से 11 सीटें दी हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ramanjot

Recommended News

Related News

static