सारण में दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प, एक युवक की मौत, 15 लोग घायल

7/8/2022 2:51:19 PM

छपराः बिहार में सारण जिले के कोपा थाना क्षेत्र के सम्हौता गांव में गुरुवार को दो पक्षों के बीच हुए हिंसक झड़प में एक युवक की मौत हो गई तथा 15 लोग घायल हो गए। पुलिस

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, जिले के सम्हौता गांव निवासी पूर्व मुखिया अमरनाथ प्रसाद के घर पहुंचे कुछ लोगों ने उनके घर और ऑटो रिक्शा में आग लगाने के साथ ही चाकूबाजी शुरू कर दी। इसके बाद अमरनाथ प्रसाद के घर वालों ने भी दूसरे पक्ष पर हमला कर दिया। इस घटना में कामेश्वर यादव के 21 वर्षीय पुत्र सोनू कुमार यादव की मौत इलाज के लिए सदर अस्पताल छपरा लाने के दौरान हो गई है।

वहीं, हादसे में संजय कुमार यादव, रोहित कुमार यादव, अर्जुन यादव, रामदेव यादव, रितिक यादव, धीरज यादव,गरीबन यादव, कैलाश यादव को प्राथमिक चिकित्सा के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना भेज दिया गया है। वहीं, दूसरे पक्ष से अमरनाथ यादव, उनके पुत्र,14 वर्षीय पुत्री सहित अन्य लोग घायल हो गए हैं। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस दोनों ही पक्ष द्वारा समर्पित आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच कर रही है।

Content Writer

Ramanjot