जमीनी विवाद को लेकर 2 पक्षों में खूनी झड़प... दिनदहाड़े 5 लोगों की हत्या, अन्य 2 की हालत गंभीर

8/4/2021 5:32:20 PM

 

नालंदाः बिहार के नालंदा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पर जमीनी विवाद को लेकर 2 पक्षों के बीच खूनी झड़प हो गई। इस दौरान देखते ही देखते दोनों तरफ से बंदूकें गरजने लगी। वहीं इस झड़प में 5 लोगों का मर्डर हो गया जबकि अन्य 2 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि राजगीर अनुमंडल के लोदीपुर गांव निवासी परशुराम यादव और नीतीश यादव के बीच 50 बीघा भूमि को लेकर करीब दो दशक से विवाद है। दोनों पक्ष के लोगों के बीच आज एक बार फिर मामले को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते दोनों गुट के लोगों ने एक-दूसरे पर गोलीबारी शुरू कर दी। सूत्रों ने बताया कि इस दौरान नीतीश यादव गुट की ओर से की गई गोलीबारी में परशुराम यादव गुट के तीन लोगों की मौत घटनास्थल पर हो गई।

वहीं, दो व्यक्ति की मौत अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में हो गई। मृतकों में यदु यादव ( 60 वर्ष), पिंटू यादव ( 30 वर्ष), मघेश यादव (25 वर्ष), धीरेंद्र यादव (50 वर्ष), शिवल यादव (40 वर्ष) और बिंदा यादव (50 वर्ष) शामिल है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। घटना के बाद इलाके में व्याप्त तनाव के मद्देनजर अतिरिक्त पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है। इस बीच ग्रामीणों का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच जमीन का विवाद लंबे समय से चला आ रहा था।

मामला न्यायालय में चल रहा है, जिसे लेकर बॉण्ड भी भरा गया था कि जब तक न्यायालय के मामले का निपटारा नहीं हो जाता तब तक कोई भी पक्ष खेत नहीं जोतेगा। इसी बीच दूसरे गुट के द्वारा जमीन पर जोत का काम शुरू किया गया जिसके बाद मामला बढ़ गया और गोलीबारी की नौबत आ गई।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Nitika

Recommended News

Related News

static