पिकअप वैन व बाइक की टक्कर में करणी सेना के उपाध्यक्ष की मौत, गुस्साए लोगों ने किया हंगामा

3/30/2021 12:29:59 PM

सासारामः बिहार के सासराम जिले में होली के दिन करणी सेना के उपाध्यक्ष की सड़क हादसे में मौत हो गई। इस घटना से गुस्साए लोगों ने सड़क डेहरी-राजपुर सड़क को जाम कर दिया। इसी बीच कुछ असामाजिक तत्वों ने पथराव कर दिया, जिससे डालमियानगर थाना का वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।

जानकारी के अनुसार, सोमवार को करणी सेना के उपाध्यक्ष अंबुज सिंह डालमियानगर से होली खेलकर अपनी बाइक से घर जा रहे थे। इसी दौरान डेहरी-राजपुर रोड पर बिहारी बिगहा के पास एक पिकअप वैन और बाइक के बीच टक्कर हो गई। इस हादसे में अंबुज सिंह की घटनास्थल पर मौत हो गई। घटना के बाद चालक पिकअप वैन लेकर फरार हो गया। इस घटना से आक्रोशित लोगों ने डेहरी-राजपुर पथ को जाम कर दिया।

इसकी सूचना मिलते ही डालमियानगर व अकोढ़ी गोला थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को शांत कराया। इस बीच कुछ असामाजिक तत्वों ने पथराव शुरू कर दिया, जिससे डालमियानगर थाना का वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद किसी तरह आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।

बता दें कि 22 साल के अंबुज सिंह अकोढ़ी गोला प्रखंड के बांक निवासी राजू सिंह के बेटे थे। वह करणी सेना के उपाध्यक्ष के तौर पर लोकप्रिय थे। मृतक के पिता किसान है। दो वर्ष पूर्व मृतक की शादी हुई थी और उनका एक डेढ़ वर्षीय पुत्र भी है।

Content Writer

Ramanjot