UPSC Result 2022: मुख्यमंत्री नीतीश ने सफल अभ्यर्थियों को दी बधाई, की उज्ज्वल भविष्य की कामना

5/23/2023 5:15:47 PM

UPSC Final Result 2022: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा 2022 परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है। परीक्षा में इशिता किशोर ने पहला रैंक हासिल किया है तो बिहार के बक्सर (Buxur) जिले की गरिमा लोहिया (Garima Lohia) ने दूसरा स्थान पाया है। वहीं बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने संघ लोक सेवा आयोग सिविल सेवा परीक्षा 2022 में सफल अभ्यर्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। 

गरिमा ने बिहार का नाम किया रौशन
मुख्यमंत्री ने कहा है कि इस बार संघ लोक सेवा आयोग सिविल सेवा परीक्षा में टॉप फोर में लड़कियां ही रहीं हैं। उन्होंने टॉप फोर में स्थान प्राप्त करने वाली इशिता किशोर, गरिमा लोहिया, उमा हराथी एन एवं स्मृति मिश्रा को विशेष तौर पर बधाई देते हुए कहा है कि यह बेहद खुशी की बात है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बक्सर की गरिमा लोहिया ने देश में दूसरा स्थान प्राप्त कर राज्य का नाम रौशन किया है। देश की बेटियों की यह सफलता आधी आबादी को प्रेरणा प्रदान करेगी। 

छपरा के शिशिर कुमार ने पाया 16वां रैंक
बता दें कि कुल 933 अभ्यर्थियों ने सिविल सेवा परीक्षा उत्तीर्ण की है। इनमें से 345 कैंडिडेट्स सामान्य, 99 EWS, 263 OBC, 154 SC और 72 ST कैटेगरी से हैं। 178 कैंडिडेट्स की रिजर्व लिस्ट भी तैयार की गई है। IAS पदों पर चयन के लिए 180 कैंडिडेट्स शॉर्टलिस्ट हुए हैं। नतीजों में छपरा के शिशिर कुमार सिंह को 16वां रैंक और पटना के उत्कर्ष उज्ज्वल को 68 वा रैंक मिला है। 

Content Writer

Ramanjot