विपक्ष का अनोखा प्रदर्शन...बढ़ती कीमतों के विरोध में कोई लकड़ी का चूल्हा तो कोई साइकिल से पहुंचा विधानसभा

2/19/2021 3:51:33 PM

 

पटनाः बिहार विधानसभा के बजट सत्र का आज पहला दिन था। इस दौरान जहां एक तरफ रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी के विरोध में कांग्रेस विधायक पारंपरिक जलाऊ लकड़ी का चूल्हा लेकर सदन में पहुंच गए, वहीं दूसरी तरफ ईंधन की बढ़ती कीमतों के विरोध में राजद विधायक साइकिल से पटना से विधानसभा पहुंचे।

दरअसल, रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी के विरोध में कांग्रेस विधायकों ने सदन के बाहर पारंपरिक जलाऊ लकड़ी का चूल्हा लेकर पहुंचे। विधायक शकील अहमद खान ने कहा कि, "एलपीजी की कीमतें बढ़ रही हैं। इसलिए लोग अब खाना बनाने के पारंपरिक तरीके का पालन करेंगे।

वहीं दूसरी तरफ ईंधन की बढ़ती कीमतों के विरोध में महुआ से राजद विधायक मुकेश रौशन साइकिल से विधानसभा पहुंचे। उन्होंने कहा कि, "मैं हाजीपुर से आया हूं, मैं आज सुबह 7 बजे वहां से चला। अपराध अपने चरम पर है, सब कुछ महंगा है।"

बता दें कि पहले दिन राज्यपाल के अभिभाषण से सत्र की शुरुआत हुई। इसके बाद उपमुख्यमंत्री सह वित्त मंत्री तारकिशोर प्रसाद के द्वारा सदन में आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट पेश की गई।

 

Content Writer

Nitika