केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय का विरोधियों पर हमला, पूछा- 'क्या हिंदुओं को गाली देना ही धर्मनिरपेक्षता है?'

Monday, Dec 26, 2022-02:12 PM (IST)

पटना (अभिषेक कुमार सिंह): केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने आज यानि सोमवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में एक प्रेस वार्ता को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने महागठबंधन सरकार पर जमकर हमला बोला। साथ ही विरोधियों पर तुष्टिकरण करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने सवाल किया कि क्या हिंदुओं को गाली देना ही धर्मनिरपेक्षता है?

"तुष्टिकरण को धर्म निरपेक्षता मानती है RJD व कांग्रेस"
नित्यानंद राय ने कहा राजद तुष्टिकरण की भाषा बोलती है। तुष्टिकरण से देश को नुकसान हुआ है। क्या हिंदू को गाली देना धर्म निरपेक्षता है? राजद, कांग्रेस तुष्टिकरण को धर्म निरपेक्षता मानती है। बीजेपी वैसी कोई नीति नहीं अपनाती जिससे देश को नुकसान हो। भारत को प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विश्व गुरु बनाना है। प्रधानमंत्री ने कई बार कहा है वन वर्ल्ड वन फैमिली। नरेंद्र मोदी ने भारत की गौरव पर जमी धूल को साफ करने का काम किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तंज कसते हुए कहा अटल बिहारी वाजपेई की जयंती पर नीतीश कुमार ने कहा था हम उनके आदर्शों को मानते हैं। जो आदर्शों को मानता है वह अपने शब्दों के साथ-साथ अपने आचरण और व्यवहार में अटल जी के आदर्श को स्थापित करें। अटल जी की नीति और बताए हुए मार्गों पर चले, यही अटल जी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

"हमेशा भारत को नजरंदाज कर देते हैं राहुल गांधी"
आरजेडी नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी के बयान पर नित्यानंद राय ने कहा हिंदुस्तान ही ऐसा देश है जहां सब सुरक्षित है सबसे ज्यादा अल्पसंख्यक सुरक्षित है। आरजेडी का खोया हुआ जनाधार के कारण वो लोग कुछ से कुछ बोलते रहते है। राहुल गांधी के बयान कि चाइना से युद्ध करने से पहले पाकिस्तान को नजरंदाज नहीं करना होगा, पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राहुल गांधी हमेशा भारत को ही नजरंदाज कर देते है। भारत अब 1962 का भारत नहीं रह गया। चाइना पाकिस्तान हमसे लड़ने की सोच भी नहीं सकता।

"हम कोरोना को हराने के लिए तैयार"
बिहार में बढ़ते क्राइम को लेकर नित्यानंद राय ने कहा कि बिहार में लूट अपहरण बलात्कार जैसे सारी अव्यवस्थाएं हो रही हैं। जहरीली शराब मामले में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की जांच पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आयोग हमारे कहने पर काम नहीं करता, आयोग स्वतंत्र है। कोरोना को लेकर नित्यानंद राय ने कहा कि कोरोना को लेकर हमारी पूरी तैयारी है। जब भारत में संक्रमण की शुरुआत भी नही हुई थी। हमलोग उसी वक्त से तैयार है। हम हमेशा से सजग है हम कोरोना को हराने के लिए तैयार है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static