लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान होने के बाद बोले केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे- ऐतिहासिक होगा यह चुनाव

3/16/2024 6:09:54 PM

पटनाः 2024 लोकसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा पर केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे (Ashwini Kumar Choubey) ने कहा कि हम लोग शुरू से चुनाव के लिए तैयार हैं। हर महीने चुनाव की तैयारी करते रहते हैं। एक चुनाव खत्म होता है दूसरे के लिए तैयारी शुरू कर देते हैं। कहीं कोई चिंता की बात नहीं है।

हमारे लिए चुनाव एक चुनौती: अश्विनी चौबे
अश्विनी कुमार चौबे ने कहा वे लोग समझे जो अनर्गल बयान बाजी कर रहे हैं। झूठों का बाजार गर्म कर रहे हैं। झूठ का बाजार गर्म करने में जो लोग माहिर हैं, उनके लिए चुनाल धड़कन होगा। हमारे लिए चुनाव एक चुनौती है, हम मिलकर चुनाव लड़ने वाले हैं और एनडीए पूरी तरह से साथ है। यह चुनाव ऐतिहासिक चुनाव होगा। वहीं, बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा, "हम लोकतंत्र के सबसे बड़े महापर्व का स्वागत करते हैं। 2024 का चुनाव एकतरफा होने जा रहा है क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद को प्रधान सेवक की भूमिका में रखते हुए काम किया है। उन्होंने(पीएम मोदी) जनता को जो विश्वास दिलवाया वे उस पर खरे उतरे हैं।

चुनाव आयोग को पक्षपात नहीं करना चाहिएः मनोज झा
इधर, तारीखों की घोषणा पर राजद सांसद मनोज कुमार झा ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ने तारीखों का ऐलान कर दिया है। मनोज कुमार झा ने कहा कि पिछली बार की तुलना में इस बार चुनाव की अवधि जून तक बढ़ गई है। पिछले कुछ सालों में हमने चुनाव आयोग को कई शिकायतें दी थीं लेकिन कभी कोई चर्चा नहीं हुई। लोकतंत्र के लिए सबसे बड़ा खतरा धन-बल है, जिसे हमने चुनावी बांड और घृणास्पद भाषण में देखा है। चुनाव आयोग को पक्षपात नहीं करना चाहिए, चाहे वह पार्टी का सामान्य कार्यकर्ता हो या प्रधानमंत्री, वरिष्ठ विपक्षी नेता या गृह मंत्री।
 

Content Editor

Swati Sharma