बिहार की सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ेगा UDA, यशवंत सिन्हा ने की घोषणा

9/10/2020 1:03:58 PM

समस्तीपुरः यूनाइटेड डेमोक्रेटिक एलायंस (यूडीए) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा ने कहा कि उनकी पार्टी बिहार विधानसभा चुनाव में सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

यशवंत सिन्हा ने बुधवार को संवाददाता सम्मेलन में कहा कि उनकी पार्टी बिहार के सभी 243 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। उन्होंने कहा कि ‘बिहार को बदलना और एक बेहतर बिहार बनाना' समेत अन्य मुद्दों को लेकर उनकी पार्टी चुनाव मैदान में उतरेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बिहार के विकास में एक बड़ा अवरोधक है इसलिए इस सरकार को बदलना जरूरी है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि नीतीश सरकार ने पिछले पन्द्रह वर्षों में राज्य को बदहाल बना दिया है। इसका उदाहरण बिहार से प्रतिवर्ष लाखों लोग एवं मजदूरों का अन्य प्रदेशों में रोजी-रोटी के लिए पलायन करना है। उन्होंने आरोप लगाया कि आज राजनीति का अपराधीकरण हो गया है, जो लोकतंत्र के लिए एक खतरा है। राजनीतिक दल मुद्दों एवं मूल्यों की राजनीति से भटक गई है। उनकी पार्टी बिहार विधानसभा चुनाव में किसी भी आपराधिक छवि के व्यक्ति को टिकट नहीं देगी।

इस अवसर पर यूडीए के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री नागमणि, देवेंद्र यादव, पूर्व सांसद अरुण कुमार और बिहार की पूर्व मंत्री रेणु कुशवाहा भी उपस्थित थीं। 

Ramanjot