डबल मर्डर से दहला नालंदा, मामूली बात को लेकर हुए विवाद में 2 लोगों की हत्या

2/12/2021 3:59:14 PM

राजगीरः बिहार में नालंदा जिले के सारे थाना क्षेत्र में गुरूवार को आपसी विवाद में दो लोगों की हत्या कर दी गई तथा चार अन्य घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि हरगांवा गांव में दो पक्षों के बीच हुए विवाद में रामोतार यादव (60) की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई जबकि दूसरे पक्ष के छोटे यादव (55) की गोली मार कर हत्या दी गई।

बताया जाता है कि छोटे यादव गांव के खंधा में नेवारी काटने के लिए गए थे। इस दौरान रामोतार यादव के साथ उसकी बहस हो गई। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया एवं गोलीबारी भी होने लगी। गोली लगने से छोटे यादव घायल हो गया। गंभीर रुप से घायल छोटे यादव को अस्थावां रेफरल अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

वहीं, रामोतार यादव को पुलिस इलाज के लिए रेफरल अस्पताल ले जा रही थी तभी उसकी भी रास्ते में उसकी भी मौत हो गई। सूत्रों ने बताया कि हिंसक झड़प में चार लोग घायल हो गए, जिन्हें रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया गया है। इस मामले में सात लोगों को हिरासत में लिया गया है जिनसे पूछताछ की जा रही है।

Content Writer

Ramanjot