दरवाजा खोलने में देरी हुई तो कसाई बना चाचा, 3 भतीजे-भतीजी को कटर से काट डाला; मंजर देख कांप गई लोगों की रूह
Friday, Mar 27, 2026-04:13 PM (IST)
Bihar Crime News: बिहार के औरंगाबाद से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है। हसपुरा थाना क्षेत्र के खुटहन गांव में एक युवक ने मामूली बात पर हुए विवाद के बाद अपने सगे भाई के तीन बच्चों की हत्या कर दी। मृतकों में 10 वर्षीय अनीश, 7 वर्षीय आयुष और 5 वर्षीय अनुष्का शामिल हैं।
साजिश के तहत फुल साउंड में बजाया स्पीकर
जानकारी के अनुसार, आरोपी अमंत पाल शुक्रवार सुबह कहीं बाहर गया था। वापस लौटने पर उसने घर का दरवाजा खटखटाया, लेकिन उस वक्त उसकी भाभी स्नान कर रही थीं, जिस कारण दरवाजा खोलने में थोड़ी देर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इसी बात से तैश में आकर अमंत हैवानियत पर उतारू हो गया। वारदात को अंजाम देने से पहले आरोपी ने कमरे में रखे स्पीकर की आवाज फुल कर दी, ताकि बच्चों की चीखें बाहर न जा सकें। इसके बाद उसने बारी-बारी से तीनों मासूमों का गला रेत दिया।
यह भी पढ़ें- लड़कियों की फोटो चुराकर करता था हदें पार, अश्लील वीडियो बनाकर वकील से ठगे 19 लाख रुपए! मास्टरमाइंड गिरफ्तार
कमरे में बिखरा था खून, एक साथ मिले तीनों शव
घटना का पता तब चला जब कमरे का दरवाजा खुला। अंदर का मंजर देख लोगों की रूह कांप गई। तीनों बच्चों के शव एक ही जगह खून से लथपथ पड़े थे। पास ही आरोपी अमंत पाल भी तड़प रहा था, जिसने बच्चों की हत्या के बाद उसी हथियार से अपना भी गला काट लिया था।
आरोपी की हालत गंभीर, अस्पताल में भर्ती
ग्रामीणों ने तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी। जांच में पता चला कि आरोपी की सांसें चल रही हैं, जिसके बाद उसे इलाज के लिए पहले स्थानीय अस्पताल और फिर गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना रेफर कर दिया गया है।

