"भाजपा को बिहार से खतरा"...तेजस्वी बोले- बिहार में सम्प्रदायिक उन्माद फैलाने का किया गया प्रयास

4/20/2023 11:03:37 AM

पटना: बिहार के उपमुख्यमंत्री व राजद नेता तेजस्वी प्रसाद यादव ने भाजपा पर निशाना साधा और बुधवार को आरोप लगाया कि बिहार में सम्प्रदायिक उन्माद फैलाने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा को बिहार से खतरा है इसलिए बिहार को टारगेट किया जा रहा है। 

"सम्प्रदायिक उन्माद फैलाने का किया गया प्रयास"
राजद के तीन दिवसीय आंबेडकर परिचर्चा के अंतिम दिन तेजस्वी ने अपने संबोधन में कहा, "पहले तमिलनाडू के सवाल पर फर्जी ख़बरें चलाई गईं। फिर बिहार शरीफ और सासाराम में सम्प्रदायिक उन्माद फैलाने का प्रयास किया गया।'' उन्होंने कहा, ‘‘उनके नेताओं द्वारा बिहार की धरती पर कैसी-कैसी भाषा का उपयोग किया गया, लगातार झूठ का प्रचार किया जा रहा है वे लोग झूठ बालने के मैनुफैक्चरर, डिस्ट्रीब्यूटर और रिटेलर हैं। सभी केन्द्रीय एजेंसियों पर कब्जा कर लिया गया‌ है, समाचार भी उनके अनुसार बन रहा है और लोगों को परोसा जा रहा है।''  

"क्षेत्रिय दलों को समाप्त करने की साजिश चल रही"
तेजस्वी ने कहा, "वे लोग आज इतने डरे हुए और हताश हो गए हैं कि कोई आधार नहीं रहने के बावजूद सी.बी.आई., ई.डी. और आई.टी. का इस्तेमाल हो रहा है जिसका उद्देश्य खबरें बनाना और मेरी छवि को खराब करना है। उनकी साजिश है कि हमें इन मामलों में उलझाए रखें जिससे हमें काम करने का मौका नहीं मिले।'' तेजस्वी ने कहा, "देश में जो माहौल बनाया जा रहा है वह चिंता का विषय है। आंबेडकरवादियों और समाजवादियों पर लगातार प्रहार हो रहा है। क्षेत्रिय दलों को समाप्त करने की साजिश चल रही है। देश के इतिहास और ऐतिहासिक विरासत को बदलकर अपने अनुसार इतिहास गढने का प्रयास हो रहा है।''

Content Writer

Ramanjot