बिहार MLC चुनाव से पहले RJD और LJP में गठबंधन पर विचार, कांग्रेस अकेले चुनाव लड़ने को तैयार

11/28/2021 1:35:38 PM

 

पटनाः बिहार पंचायत चुनाव के बाद जल्द ही एमएलसी के चुनाव होने जा रहे हैं। चुनाव से पहले नए गठबंधन की बात सामने आ रही है। राजद और लोजपा में दोस्ती पर विचार किया जा रहा है। हालांकि इसे लेकर कांग्रेस में एकमत नहीं है।

दरअसल, बिहार में विधान परिषद (एमएलसी) के 24 सदस्यों का चुनाव होने वाला है। एमएलसी के 24 सदस्यों के चुनाव को देखते हुए राजद ने सीट बंटवारे का फॉर्मूला भी तैयार कर लिया है। इसके मुताबिक, राजद 15, कांग्रेस 5, लोजपा (रामविलास) के लिए 3 और एक सीट लेफ्ट के लिए छोड़ी गई। वहीं कुछ दिन पहले ही लोजपा (रामविलास) की पार्लियामेंट्री बोर्ड की बैठक हुई थी। इसमें एमएलसी चुनाव के लिए गठबंधन पर जोर दिया गया था। हालांकि, बोर्ड आखिरी फैसला पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के पर छोड़ दिया है।

वहीं कांग्रेस में लोजपा के साथ गठबंधन को लेकर सहमति नहीं है। कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा ने कहा कि गठबंधन को लेकर क्या बातचीत चल रही है, मुझे इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। बता दें कि लोजपा आज यानि 28 नवंबर को अपना स्थापना दिवस मना रही है। इस मौके पर लोजपा गठबंधन को लेकर कोई घोषणा भी कर सकती है।
 

Content Writer

Nitika