डिप्टी CM विजय सिन्हा ने कहा- इस बार का चुनाव सरकार बदलने के लिए नहीं बल्कि बिहार बदलने के लिए है

4/23/2024 11:01:13 AM

भागलपुर (अंजनी कुमार कश्यप): बिहार सरकार में उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने सोमवार को भागलपुर लोकसभा के नवगछिया अनुमंडल में रोड शो एवं लोगों के बीच जन सम्पर्क किया। इसके बाद खगड़ा गांव में नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए कहा कि इस बार का चुनाव सरकार बनाने के लिए नहीं है बल्कि इस बार का चुनाव बिहार बदलने के लिए है। 

"गरीबों का मसीहा बनने वाले व्यक्ति ने बिहार को किया कलंकित"
विजय सिन्हा ने कहा कि इस बार का चुनाव तय करेगा कि बिहार के अंदर परिवारवाद की जमींदारी चलेगी या लोकतंत्र के जननी के भूमि से जन्म लेने वाला जो प्रधानसेवक का अनुयायी है, उसकी सरकार बनेगी। ये चुनाव तय करेगा कि अपराध और भ्रष्टाचार को संरक्षित करने वाले लोगों का मनीब बढ़ेगा जो जनता की गाढ़ी कमाई लूट कर चार्टर प्लेन पर बर्थडे मनाता है उसका राज चलेगा या बिहार के अंदर मोदी जी की गारंटी चलेगी। जो कहते है वो करते हैं और जो कहेंगे वो करेंगे ये मोदी की गारंटी है। सिन्हा ने लालू यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि गरीबों का मसीहा बनने वाले व्यक्ति ने बिहार को कलंकित किया है, बिहारी शब्द को लज्जित किया है। बिहार के लोगों को बिहार के नौजवानों को पलायन के लिए विवश किया है। बिहार के प्रतिभा का दमन किया है। 

"जब तक बिहार समृद्ध नहीं होगा तब तक विकसित भारत बनना कठिन"
उप मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि इस चुनाव में जब बिहार से 40 में से 40 सीट मोदी जी को मिलेगा तो विकसित भारत बनना तय है। लेकिन जब तक बिहार समृद्ध नहीं होगा तब तक विकसित भारत बनने में कठनाई है। एक तरफ मोदी जी बिहार बदलना चाहते हैं और दूसरी तरफ ये भ्रष्टाचारी और परिवारवादी, नकारात्मक मानसिकता के लोग इंडी गठबंधन के माध्यम से भ्रम फैला रहे हैं। भागलपुर में कल बड़ बोले पिता के बड़बोले बेटे पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का आईटी, ईडी और सीबीआई जमाई है। ऐसी ओछी राजनीति की मानसिकता कहीं न कहीं उनकी नकारात्मक सोच को भय को दर्शाता है। 


 

Content Writer

Ramanjot