अब यादों में मुलायम सिंह यादव.... जाप अध्यक्ष पप्पू यादव सहित बिहार के इन नेताओं ने जताया शोक

10/10/2022 5:49:07 PM

पटनाः धरतीपुत्र के नाम से विख्यात मुलायम सिंह का 82 वर्ष की उम्र में आज निधन हो गया। उनके निधन के बाद बिहार के राजनीतिक गलियारों में भी शोक की लहर दौड़ गई है। राज्य जन अधिकार पार्टी (जाप) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पप्पू यादव सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने सपा संरक्षक के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। 

देश ने एक प्रखर समाजवादी नेता खो दिया: कुशवाहा 
जदयू पार्लियामेंट्री बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि समाजवाद के ध्वजवाहक, देश के पूर्व रक्षा मंत्री और उत्तरप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव जी के निधन की खबर दुःखद है। ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों के लिए संबल की कामना करता हूं। देश ने एक प्रखर समाजवादी नेता खो दिया है। 

मुलायम यादव जी का निधन मेरी निजी क्षतिः पप्पू यादव
जाप राष्ट्रीय अध्यक्ष पप्पू यादव ने भी महान समाजवादी नेता मुलायम सिंह यादव के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा, "आज मैंने अपना एक अभिभावक खो दिया! नेताजी मुलायम सिंह यादव जी का निधन मेरी निजी क्षति है! उनसे बहुत स्नेह प्रेम मिला, वह मेरे लिए अविस्मरणीय है। समाजवादी विचारधारा के पुरोधा मुलायम सिंह यादव के निधन से मैं मर्माहत हूँ.मुलायम सिंह यादव के निधन के साथ एक राजनैतिक युग का अंत हो गया। भगवान उनकी आत्मा को शांति और उनके अपनों को इस पर्वत तुल्य पीड़ा से उबरने की शक्ति दें!" 

देश अपने धरती पुत्र को नहीं भूल सकताः मांझी
वहीं हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के संस्थापक एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने मुलायम सिंह यादव के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि देश अपने धरती पुत्र को नहीं भूल सकता, वह देश के बहुत बड़े समाजवादी नेता थे। जिसका उदाहरण उनके राजनीतिक जीवन में लिए गए निर्णय से मिलता है। मांझी ने कहा कि समाजवादी नेता मुलायम सिंह यादव जी का निधन संपूर्ण राष्ट्र के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा की शांति एवं परिवार तथा समर्थकों को यह असीम दुख सहन करने की शक्ति दें।

Content Writer

Ramanjot