गजबः महिला ने तांत्रिक के खिलाफ थाने में की शिकायत, कहा- बाबा ने सपने में कई बार की दुष्कर्म की कोशिश

6/24/2021 12:39:36 PM

 

औरंगाबादः बिहार के औरंगाबाद जिले से एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया है, जहां पर महिला ने तांत्रिक के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज करवाई। साथ ही आरोप लगाते हुए कहा कि बाबा ने सपने में आकर उसके साथ कई बार दुष्कर्म करने की कोशिश की है।

दरअसल, महिला जनवरी में अपने बीमार बेटे के इलाज के लिए बाबा के पास गई थी। बाबा ने झाड़-फूंक किया और 15 दिनों की पूजा की विधि बताकर महिला को घर भेज दिया। इसके बाद वह महिला के सपने में आकर दुष्कर्म करने की कोशिश करने लगा। इतना ही नहीं महिला ने आरोप लगाते हुए कहा कि 15 दिनों बाद बेटे की तबीयत बिगड़ गई और वह बच नहीं सका। इसके बाद जब महिला बाबा के पास पहुंची तो वह दुष्कर्म करने पर उतारू हो गया। विरोध करने पर उसने दूसरे बेटे को भी झाड़-फूंक कर जान से मार देने की धमकी दे दी।

वहीं महिला के इन आरोपों पर नगर थाने की पुलिस ने पहले प्रशांत चतुर्वेदी नाम के बाबा को हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार, बाबा ने महिला को पहचानने से इनकार कर दिया है। उसने कहा कि वह इस महिला से कभी नहीं मिला है। बता दें कि बाबा पर आरोप लगाने वाली महिला कुदवां थाना क्षेत्र की रहने वाली है।
 

Content Writer

Nitika