भागलपुर में Russell Viper सांप को हाथ में पकड़ अस्पताल पहुंचा पीड़ित शख्स, मची अफरा-तफरी

Wednesday, Oct 16, 2024-01:26 PM (IST)

भागलपुर: बिहार के भागलपुर से एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया है, जहां एक शख्स को जिस सांप ने डसा उसी को हाथ में पकड़ पीड़ित व्यक्ति अस्पताल पहुंच गया। जिससे अस्पताल में हड़कंप मच गया।

मिली जानकारी के अनुसार, घायल व्यक्ति की पहचान प्रकाश मंडल के रूप में हुई है,जो कि भागलपुर जिले के बरारी पंचायत के मीराचक का रहने वाला है। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार,  प्रकाश मंडल को खतरनाक रसेल वाइपर सांप ने डस लिया। इसके बाद वह सांप का मुंह पकड़ कर इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल के मेडिसिन इमरजेंसी विभाग में पहुंच गया। इस दौरान सांप को हाथ में ही पकड़ा देख वहां मौजूद डॉक्टर और लोग भी डर गए। लोग इधर-उधर भागने लगे। डॉक्टरों ने भी सांप को देखकर युवक का इलाज करने से मना कर दिया। काफी मशक्कत के बाद मरीज के परिजनों ने सांप को किसी तरह हाथ से लेकर बोरा में बन्द कर अस्पताल परिसर में ही पेड़ से लटका दिया। इसके बाद पीड़ित व्यक्ति का इलाज शुरू किया गया। वहीं, जहर फैलने के कारण प्रकाश मंडल की हालत गंभीर बताई गई।

गौरतलब हो कि भारत में सबसे ज्यादा सांप काटने से मौत के लिए रसेल वाइपर प्रजाति के सांप को जिम्मेदार माना जाता है। यह पूरी दुनिया में पाया जाता है लेकिन भारत,चीन और दक्षिण-पूर्व एशिया इलाकों में यह सबसे ज्यादा संख्या में पाया जाता है। रसेल वाइपर दुनिया के पांच खतरनाक सांपों में से एक है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static