जातिगत टिप्पणी के बाद बदमाशों की गुंडागर्दी, बैट-बेल्ट और पत्थर से युवकों को जमकर पीटा, वीडियो वायरल

5/29/2022 5:17:46 PM

भोजपुरः बिहार के भोजपुर जिले से बदमाशों की गुंडागर्दी का वीडियो सामने आया है, जिसमें कुछ आठ से दस लड़के 2-3 युवकों की जमकर पिटाई कर रहे हैं। कुछ लड़के बैट से तो कुछ बेल्ट और डंडे से पीट रहे हैं। इतना ही नहीं, उनकी गाड़ी को भी बल्ला और पत्थर से मारकर तोड़ दिया जाता है।



दरअसल, वायरल वीडियो दो दिन पुराना बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, यह वीडियो आरा शहर के नवादा थाने के रमना मैदान का है। बताया जाता है कि जातिगत टिप्पणी को लेकर दो गुटों के बीच विवाद हो गया। एक दिन पहले गुट के लड़के दो युवकों को नाली में गिराकर पत्थरों से पिटाई करते हैं। वहीं अगले दिन दूसरे गुट के लोग बदले की भावना से पहले गुट के लोगों की जमकर पिटाई करते हैं।



वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ बदमाश 2-3 लड़कों को जमीन पर गिराकर बेल्ट, मुक्के, पत्थर और विकेट से ताबड़तोड़ पीट रहे हैं। इसी बीच एक लड़का माफी की गुहार लगाता है, लेकिन बदमाश उसे लगातार पीटते रहते हैं। इसके बाद गैंग के लोग दोनों लड़कों को अपने साथ बाइक पर बैठा कर ले जाते हैं। वहीं इस मामले में ASP हिमांशु का कहना है कि वीडियो के आधार कुछ युवकों को चिन्हित किया गया है। बीच सड़क में मारपीट करने वाले बदमाशों को बख्शा नहीं जाएगा।
 

Content Writer

Ramanjot