बोचहां विधानसभा उपचुनावः थम गया प्रचार का शोर, 12 अप्रैल को होगा मतदान

4/11/2022 10:26:46 AM

पटनाः बिहार विधानसभा की बोचहां (सुरक्षित) सीट के उपचुनाव को लेकर प्रचार का शोर रविवार की शाम छह बजे समाप्त हो गया। प्रचार के अंतिम दिन राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के उम्मीदवार के पक्ष में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बोचहां में दो सभाएं की। सभा को केन्द्रीय मंत्री पशुपति पारस और उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने भी संबोधित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2005 में जब उन्हें राज्य की जनता ने काम करने का मौका दिया तब से लेकर अबतक उन्होंने हर वर्ग, हर तबके और हर क्षेत्र के विकास के लिए काम किया है। उन्होंने कहा, 'अभी चुनाव का समय है। बहुत सारे लोग आपके पास आएंगे। बहुत सारी बातें भी करेंगे। कुछ मत सुनिए, अपने क्षेत्र में हुए विकास को देखिए और एनडीए के पक्ष में वोट दीजिए।'

उधर प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव ने भी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) उम्मीदवार के पक्ष में चुनावी सभाएं की। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हुए हमले की निंदा की लेकिन साथ ही कहा कि राज्य में महंगाई लूट भ्रष्टाचार अपराध से लोगों में गुस्सा है, लेकिन गुस्से को नेता पर मत निकालिए, उनके खिलाफ वोट कर चोट कीजिए। उन्होंने कहा कि नीति आयोग की रिपोर्ट में बिहार हर पैमाने पर फिसड्डी साबित हुआ है। राज्य में न न्याय हुआ न विकास। हर चार घंटे में हत्या, पांच घंटे में रेप, आज का बिहार यही है।

बोचहां (सुरक्षित) सीट के उपचुनाव के लिए प्रचार का शोर थमने के बाद अब राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता घर घर जाकर जनसंपर्क के जरिए वोट को अपने पक्ष में करने की कोशिश में लग गए हैं। इस सीट के लिए 12 अप्रैल को सुबह सात से शाम छह बजे तक मतदान होना है। मतों की गिनती 16 अप्रैल को होगी। गौरतलब है कि विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के विधायक रहे मुसाफिर पासवान के असामयिक निधन के कारण रिक्त हुई बोचहां (सु) सीट के लिए उपचुनाव कराया जा रहा है। इस सीट पर मुख्य मुकाबला भाजपा की बेबी कुमारी, राजद के अमर कुमार पासवान और वीआईपी की गीता कुमारी के बीच है।

Content Writer

Ramanjot