अपराधियों के हौसले बुलंद, हथियार के बल पर CSP संचालक से लूटे डेढ़ लाख रूपए, विरोध करने पर की फायरिंग

1/16/2024 3:47:37 PM

मुजफ्फरपुर: बिहार में अपराधियों के हौसले बढ़ते ही जा रहे हैं। वह आए दिन बड़ी-बड़ी आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला मुजफ्फरपुर जिले से सामने आया है, जहां पर बाइक सवार 2 बदमाशों ने हथियार के बल पर सीएसपी संचालक से डेढ़ लाख रुपए लूट लिए। विरोध करने पर अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिसमें सीएसपी संचालक और एक ग्रामीण महिला घायल हो गई।

यह भी पढ़ेंः- RJD मंत्री के राम मंदिर वाले बयान पर सम्राट चौधरी का पलटवार, कहा- इन लोगों की मानसिकता खराब हो चुकी

CSP संचालक से लूट
जानकारी के मुताबिक, घटना जिले के कथैया थाना क्षेत्र के दिसतौलिया गांव के समीप की है। घायल सीएसपी संचालक की पहचान राज कुमार के रूप में हुई है। सीएसपी संचालक राज कुमार ने बताया कि सिरसिया बाजार पर एसबीआई का सीएसपी है। शाखा से 2.53 लाख रुपए निकासी कर लौट रहा था। इसी दौरान कथैया थाना के दिसतौलिया गांव के समीप बाइक सवार 2 बदमाशों ने हथियार के बल पर सीएसपी संचालक से डेढ़ लाख रुपए लूट लिए। वहीं, स्थानीय लोगों के विरोध करने पर अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे एक ग्रामीण महिला को गोली लग गई। गंभीर स्थिति में जख्मी महिला को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। 

यह भी पढ़ेंः-  Ram Mandir: रामलला के लिए भोजपुर से अयोध्या भेजी जा रही तुलसी जी की माला, बेंगलुरु के तीन कारीगर बना रहे माला

जांच में जुटी पुलिस
इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर जाम समाप्त करवाया और घटनास्थल से दो खोखा भी बरामद किया। घायल सीएसपी संचालक राज कुमार का भी निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। उसे भी आंशिक चोट लगी है। डीएसपी पश्चिमी अभिषेक आनंद ने बताया कि अज्ञात अपराधियों ने एक सीएसपी संचालक से लूट के दौरान फायरिंग की है, जिसमें एक महिला के हाथ में गोली लगी है। महिला को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Content Editor

Swati Sharma