नालंदा में मामूली विवाद ने लिया खौफनाक रूप, दादा को बचाने आए पोते को बदमाशों ने गोलियों से भूना

Monday, Jun 09, 2025-03:20 PM (IST)

Nalanda Crime News: बिहार के नालंदा में एक दिल दहला देने वाली घटना की खबर सामने आ रही है। यहां पर मामूली विवाद को लेकर एक युवक को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया।

खेत में मवेशी घुसने को लेकर हुआ था विवाद

मिली जानकारी के अनुसार, घटना दीपनगर थाना क्षेत्र के मंडाक्ष गांव की है। मृतक युवक की पहचान 19 वर्षीय विकास कुमार के रूप में हुई है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि दो दिन पूर्व विकास कुमार का मवेशी लालजीत सिंह के खेत में घुस गया था। जिस कारण लालजीत सिंह की फसल को हानि हुई। वहीं इस बात पर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। गांव के लोगों ने समझा-बुझा कर मामला ठंडा करा दिया। लेकिन आज सोमवार सुबह लालजीत सिंह हथियारबंद होकर कुछ लोगों के साथ विकास कुमार के घर आ पहुंचा। मामूली सा विवाद खूनी झड़प में बदल गया। लालजीत सिंह ने विकास कुमार के दादा अजीत यादव पर हमला कर दिया। वही अपने दादा को बचाने आए विकास कुमार को लालजीत सिंह ने गोलियों से भून मौत के घाट उतार दिया। दादा अजीत यादव को अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां उसका इलाज जारी है।

3 आरोपी गिरफ्तार

इधर घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी आरोपियों को पकड़ने के लिए तलाश कर रही है। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static