बेखौफ बदमाशों ने मुखिया पति को गोलियों से भूना, फायरिंग में अपराधी की भी मौत

12/5/2020 3:07:13 PM

भागलपुरः बिहार में भागलपुर शहर के इशाकचक थाना क्षेत्र में अपराधियों ने शुक्रवार को जहां मुखिया पति की गोली मारकर हत्या कर दी वहीं, अपराधी की भी गोली लगने से मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि जिले के तिलकामांझी क्षेत्र के आनंदगढ़ मुहल्ला निवासी खगड़िया जिले के बदोरिया पंचायत की मुखिया पति राजेश कुमार रमन उर्फ पप्पू भगत त्रिमूर्ति चौक के पास कुछ सामान खरीद कर वापस अपने वाहन की ओर आ रहे थे, तभी पूर्व से घात लगाए अपराधियों ने उनपर गोलीबारी शुरू कर दी। बचाव के लिए मुखिया पति ने भी अपने पिस्तौल से फायरिंग की जिससे एक अपराधी गंभीर रुप से घायल हो गया।

सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को जवाहर लाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। मृत अपराधी की पहचान रतन कुमार उफर् बांबी के रुप में हुई है जो मुंगेर जिले का रहने वाला था। घटना के कारणों का तत्काल पता नहीं चल पाया है।
 

सूत्रों ने बताया कि इस घटना के बाद इशाकचक क्षेत्र की सभी दुकानें और विभिन्न प्रतिष्ठान बंद हो गए हैं। इधर, भागलपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक आशीष भारती एवं सहायक पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने घटनास्थल पर पहुंच कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

Ramanjot