NDA के सत्ता संभालने के बाद से बिहार में संगठित अपराध का दौर हुआ समाप्तः भूपेंद्र यादव

3/8/2021 10:06:27 AM

पटनाः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बिहार मामलों के प्रभारी एवं राष्ट्रीय महामंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि प्रदेश में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सत्ता संभालने के बाद से संगठित अपराध का दौर समाप्त हो गया है।

भूपेंद्र यादव ने प्रदेश भाजपा कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक के समापन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार में राजग सरकार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बेहतर काम कर रही है। बिहार में संगठित अपराध राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकाल में हुआ करता था लेकिन अब राज्य में राजग की सरकार है। उन्होंने कहा कि अब बदला हुआ बिहार है।

बिहार मामलों के प्रभारी ने कहा कि राज्य की नीति और केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के कामकाज को जन जन तक पहुंचाने की जरूरत है। राज्य और केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने से ही लोगों को विकासमुखी योजनाओं की जानकारी होगी।

Content Writer

Ramanjot