बिहार के इस जिले में है देश का सबसे बड़ा सोना भंडार, आर्थिक रूप से पिछड़ा राज्य अब होगा मालामाल

12/3/2021 1:36:52 PM

जमुईः बिहार में देश का सबसे बड़ा सोना भंडार है। यह जानकारी केंद्रीय खनन मंत्री प्रहलाद जोशी ने दी है। उन्होंने बताया कि जमुई जिले में सोनो प्रखंड के करमटिया इलाके में देश का लगभग 44% सोना उपलब्धल है। माना जा रहा है कि अगर यहां से सोना निकालने का काम शुरू हो गया तो भारत दुनिया पर राज करेगा और बिहार जैसे पिछड़े राज्य का भाग्य भी बदल जाएगा।

दरअसल, केंद्रीय खनन मंत्री प्रहलाद जोशी ने बुधवार को लोकसभा में बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय जायसवाल के सवाल के जवाब में कहा कि बिहार में देश का सबसे बड़ा स्वर्ण भंडार है। राज्‍य के जमुई जिले के सोनो क्षेत्र में 37.6 टन धातु अयस्‍क सहित 222.885 म‍िलियन टन स्‍वर्ण धातु से संपन्‍न भंडार मिला है। उन्होंने बताया कि देश में कुल 501.83 टन का प्राथमिक स्‍वर्ण अयस्‍क भंडार है, जिसमें 654.74 टन स्‍वर्ण धातु है, इसमें 44 फीसद सोना तो केवल बिहार में ही पाया गया है।

वहीं इस खबर के बाद स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है। उन्हें इस बात की उम्मीद है कि सोने का खनन होने से पूरा मालामाल होगा। लोगों का कहना है कि बहुत पहले से यहां के मिट्टी में सोने के छोटे-छोटे टुकड़े पाए जाते थे। लोग मिट्टी को पानी में धोकर छानते हुए सोना निकाल लेते थे। वहीं लगभग 15 साल पहले सरकार ने यहां सर्वेक्षण का काम शुुरू किया, जिसके बाद अब यह बात सामने आई है कि जमुई जिले में देश का सबसे बड़ा स्वर्ण अयस्क भंडार है।

Content Writer

Ramanjot