'खतरे में है संविधान', बिहार कांग्रेस प्रभारी बोले- हमारे ऊपर मुस्लिम लीग के एजेंडे को लागू करने की बात कही जा रही

4/11/2024 11:42:34 AM

पटना(अभिषेक कुमार सिंह): कांग्रेस के बिहार प्रभारी मोहन प्रकाश ने बुधवार को कहा कि आप सब के बीच न्याय पत्र की चर्चा होगी। आमतौर पर घोषणाएं होती है, इस बार कांग्रेस का न्याय पत्र है। इसमें केवल कांग्रेस जनों के विचारों को ही शामिल नहीं किया गया हैं, बल्कि इस देश के करोड़ों लोगों, कश्मीर से कन्याकुमारी तक के लोगों और मणिपुर से मुंबई तक राहुल गांधी ने जो भारत जोड़ो यात्रा की है, उसमें जो करोड़ों लोगों के विचार आए हैं, हम लोगों ने इसमें समाहित किए है। आज न्याय पत्र देश की आवाज है, क्योंकि इसमें शोषित, पीड़ित, गरीब, नौजवान, महिला, मजदूरों की आवाज समाहित है। कोई भी वर्ग ऐसा नहीं है, जो कि पिछले 10 सालों में नाइंसाफी का शिकार न हुआ हो।

'संविधान खतरे में है'
बता दें कि बुधवार को बिहार प्रभारी मोहन प्रकाश बिहार कांग्रेस प्रदेश कार्यालय सदाकत आश्रम पहुंचे थे। इस दौरान इलेक्टोरल बांड पर मोहन प्रकाश ने कहा कि प्रावधान है कि तीन साल से नई कंपनी इलेक्टोरल बॉन्ड नहीं खरीद सकती है। लेकिन इलेक्टोरल बांड को ऐसी कंपनियों ने खरीदा है, जो तीन साल नई है। कांग्रेस के न्याय पत्र में एमएसपी का जिक्र है। लाखों किसान आत्महत्या कर रहे हैं। बीमा की रकम सीधे खाते में आएगी। हमारी सरकार आएगी तो हम अग्निपथ योजना को खत्म कर देंगे और जैसे पहले भर्ती होती थी उसी प्रकार भर्ती करेंगे। आज संविधान खतरे में है। संविधान को नरेंद्र मोदी ने नहीं बनाया। मोहन प्रकाश ने कहा कि हमारे ऊपर मुस्लिम लीग के एजेंडे को लागू करने की बात कही जा रही है। जबकि मेरा कहना है कि आरएसएस और मुस्लिम लीग दोनों की कॉपी एक ही है। यह मोदी सरकार के द्वारा प्रायोजित महंगाई है। ओल्ड पेंशन स्कीम जिस राज्य में हमने वादा किया वहां लागू कर दिया।

वहीं, इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह ने  कहा कि हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि हम सबके बीच बिहार कांग्रेस के प्रभारी मोहन प्रकाश उपस्थित है। प्रभारी के रूप में यह पहली बार सदाकत आश्रम में आए हैं। बिहार में कांग्रेस पार्टी नौ जगहों पर चुनाव लड़ रही है। इनमें तीन जगह पर हमने नाम की घोषणा की है।

Content Editor

Swati Sharma