फिर से लगने जा रहा मुख्यमंत्री का जनता दरबार, इस दिन लोगों की समस्याएं सुनेंगे नीतीश

2/20/2021 4:30:21 PM

पटनाः बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक बार फिर से जनता के दरबार में नजर आएंगे। इस बार यह कार्यक्रम मुख्यमंत्री सचिवालय परिसर में आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री नीतीश पहले की तर प्रत्येक सोमवार को जनता के दरबार में उपस्थित होंगे।

विधानसभा स्थित अपने कक्ष में पत्रकारों से अनौपचारिक चर्चा के क्रम में मुख्यमंत्री ने खुद इसका ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि जब कोरोना का टीका आम लोगों को मिलना शुरू हो जाएगा, उसके तुरंत बाद जनता के दरबार में मुख्यमंत्री कार्यक्रम शुरू कर दिया जाएगा। उम्मीद की जा रही है अगले एक से दो महीने में आम लोगों को टीका दिया जाने लगेगा। वहीं अप्रैल या फिर मई के पहले हफ्ते से जनता दरबार भी शुरू हो जाएगा।

प्रत्येक सोमवार को अलग-अलग विभागों के मामले लिए जाएंगे और संबंधित विभागों के अधिकारी भी जनता दरबार में मौजूद रहेंगे। इस कार्यक्रम में मुख्‍यमंत्री को बिहार के हर हिस्‍से से आने वालों से रूबरू होने का मौका मिलता है। इस तरह उन्‍हें पूरे राज्‍य की सही जानकारी भी मिलती रहती है। बता दें कि पूर्व में जनता के दरबार में मुख्यमंत्री कार्यक्रम मुख्यमंत्री आवास के एक हिस्से में होता था, लेकिन वहां निर्माण होने की वजह से अब यह कार्यक्रम मुख्यमंत्री सचिवालय संवाद परिसर में होगा।

सीएम सचिवालय की ओर से इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है। जनता दरबार में बड़ी संख्या में लोगों के आने की संभावना को देखते हुए बड़ा शेड बनाया जा रहा है। इस दौरान अधिकारियों और विभिन्न कर्मियों के बैठने की व्यवस्था भी होगी। लोगों के लिए पीने का पानी और शौचालय भी बनाए जा रहे हैं।

Content Writer

Ramanjot