मातम में बदली खुशियां, शादी के दिन कुएं से मिला दूल्हे का शव

6/22/2020 5:02:57 PM

शिवहरः बिहार के शिवहर जिले में उस वक्त शादी की खुशियां मातम में बदल गईं जब दूल्हे का शव कुएं से बरामद किया गया। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

जानकारी के अनुसार, मामला जिले के पिपराही थाना क्षेत्र का है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि कुछ महिलाएं पूजा करने के लिए कुएं के पास गई थी। इस दौरान उन्होंने शव को तैरते हुए देखा तो मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने मेंसौढा गांव में मदरसा के निकट कुएं से युवक का शव बरामद कर लिया है।

मृतक की पहचान वार्ड संख्या नौ निवासी राज नारायण कुमार (22 वर्ष) के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि मृतक चार दिनों से लापता था और आज उसकी शादी होने वाली थी। परिजनों ने बताया कि शुक्रवार तक वह घर पर ही था। उसके बाद से वह गायब हो गया था। वहीं अब पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

Edited By

Ramanjot